भुवनेश्वर (पीटीआई)। 2023 पुरुष हॉकी विश्व कप भुवनेश्वर और राउरकेला में आयोजित किया जाएगा, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को यहां घोषणा की। इस महीने की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने 2023 में इसके आयोजन के लिए भारत को चुना था। चुने जाने के बाद भारत लगातार दूसरी बार पुरुष हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा।

कब होग टूर्नामेंट

यह टूर्नामेंट 13 से 29 जनवरी के बीच होगा। पटनायक ने कलिंगा स्टेडियम में संक्षिप्त समारोह में भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, 'हमने 2018 विश्व कप की मेजबानी की और मैं घोषणा करना चाहता हूं कि 2023 हॉकी विश्व कप फिर से भुवनेश्वर और राउरकेला में आयोजित किया जाएगा। क्या आप खुश हैं? मैं खुश हूं।' इस समारोह में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ और भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मो मुश्ताक अहमद, ओडिशा के खेल मंत्री तुषारकांति बेहरा, के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

कलिंग स्टेडियम कर चुका कई महत्वपूण्र टूर्नामेंट की मेजबानी

भुवनेश्वर का कलिंग स्टेडियम 2018 में सफलतापूर्वक आयोजन करने के बाद लगातार दूसरी बार खेल के महत्वपूर्ण टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा, जिसे बेल्जियम ने जीता था। भुवनेश्वर ने कुछ बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की है, जिनमें 2017 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप, 2017 एफआईएच हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल, 2019 में एफआईएच मेन्स सीरीज फाइनल और हाल ही में संपन्न एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालिफायर शामिल हैं। राज्य की राजधानी 2020 फीफा महिला अंडर -17 विश्व कप के वेन्यू में से एक है।