रांची : दैनिक जागरण के जल संरक्षण अभियान को जलसैनिक बनकर राज्यभर में आगे बढ़ा रहे छात्र-छात्राओं ने गांधी जयंती के मौके पर प्लास्टिक हटाएं, पानी बचाएं का नारा दिया। बुधवार को 24 जिलों के डेढ़ लाख जलसैनिकों ने इस अभियान को धार दी। प्रधानमंत्री के प्लास्टिक से मुक्ति अभियान से कदमताल करते हुए जलसैनिकों ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का कचरा जहां पूरे पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए खतरा बन चुका है, वहीं मिट्टी और पानी को प्रदूषित कर यह जल संरक्षण की राह में भी बड़ा बाधक बना है। इस मौके पर जलसैनिकों ने रैली, गोष्ठी, नुक्कड़ नाटक आदि का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया। वहीं छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने जगह-जगह प्लास्टिक का कचरा इकट्ठा कर उसके निस्तारण की भी योजना बनाई।

राज्यभर के बच्चे

रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा और गुमला के 662 स्कूलों के बच्चों ने रैली निकालकर लोगों को प्लास्टिक को अपनी जिंदगी से बाहर निकालने की अपील की। बच्चों ने सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर बिखरे प्लास्टिक के कचरे को इकट्ठा कर लोगों से प्लास्टिक-पॉलिथिन का इस्तेमाल नहीं करने को कहा। वहीं धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, सहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका और देवघर के 800 स्कूलों के बच्चों ने रैली निकालकर लोगों को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। स्कूल परिसरों में छात्र-छात्राओं ने सफाई अभियान भी चलाया।