-सीएम नीतीश कुमार ने माउस क्लिक कर डीबीटी के माध्यम से राशि भेजी

PATNA: लॉकडाउन की वजह से बिहार के बाहर फंसे अप्रवासी बिहारी कामगारों के बैंक खाते में एक हजार रुपए नगद की विशेष सहायता दिए जाने की योजना सोमवार को आरंभ हो गयी। सीएम नीतीश कुमार ने माउस क्लिक कर इस योजना का आरंभ किया। योजना के आरंभ होने के बाद बिहार देश का पहला राज्य बन गया है जिसने बाहर फंसे अपने अप्रवासी कामगारों के खाते में नगद राशि भेजी है। यह सहायता एक हजार रुपए की है। मुयमंत्री विशेष सहायता योजना के तहत भेजी गयी यह राशि सोमवार को 1.03 लाख, 579 लोगों के खाते में भेजी गयी। इस क्रम में 10.35 करोड़, 79 हजार रुपए आज भेजे गए। अब तक दो लाख, 84 हजार, 674 लोगों ने विशेष सहायता के लिए आवेदन दिए हैं। आवेदन आने का सिलसिला जारी है।

मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जा रही राशि

सीएम ने यह निर्देश दिया कि जांच के बाद राशि जल्द से जल्द खाते में अंतरित की जाए। यह सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जा रही है। लाकडाउन में बाहर फंसे अप्रवासी बिहारी कामगारों ने राज्य सरकार के विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों पर फोन किया था। उनके फोन नंबर पर उनसे फीडबैक लिया गया तो यह बात सामने आयी कि वे संकट में है। इसी फीडबैक के आधार मुख्यमंत्री ने उनके खाते में एक-एक हजार रुपए की विशेष सहायता भेजे जाने का निर्देश दिया था।