- नगर निगम ने कूड़ा डालने पर शुरू की कार्रवाई

- लगातार चलेगा अभियान, एनजीटी के निर्देश पर अलग से बनेगा अकाउंट

आई एक्सक्लूसिव

मितेंद्र गुप्ता

मेरठ। शहर के नालों में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। एनजीटी के आदेश पर नगर निगम ने नाले में कूड़ा डालने पर 100 लोगों पर 20-20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, एक माह में जुर्माना जमा न करने पर एफआईआर तक दर्ज करने की चेतावनी दी है। ऐसा पहली बार है जब नाले में कूड़ा डालने पर कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम ने की कार्रवाई

गौरतलब है कि नाला सफाई को लेकर अनेक बार नगर निगम की शिकायत एनजीटी में की गई। एनजीटी के आदेश पर नगर निगम के अधिकारियों की आंखें खुली। नगर निगम ने 100 लोगों के खिलाफ नाले में कूड़ा डालने पर कार्रवाई की है।

बनाया जाएगा अलग अकाउंट

नगर निगम ने कूड़ा डालने पर लगाए गए जुर्माने की राशि के लिए अलग से अकाउंट बनाने की योजना बनाई है। जमा होने वाले जुर्माने को अलग अकाउंट में जमा किया जाएगा।

निगम की बढ़ेगी आय

इस कार्रवाई से नगर निगम की आय बढ़ेगी। नगर निगम नाले में कूड़ा डालने के अलावा नाले में गोबर बहाने पर 150 डेयरियों पर जुर्माना तथा सभी डेयरियों को पर्यावरण शुल्क जमा करने के नोटिस जारी किए हैं।

अभियान रहेगा जारी

नगर निगम सौ व्यापारियों को नाले में कूड़ा डालते हुए पकड़ा था। इसी आधार पर उन पर बीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम इस अभियान को जारी रखेगा। जो भी नाले में कूड़ा डालते हुए पाया गया उसके खिलाफ जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

---

वर्जन

नाले में कूड़ा डालने पर 100 लोगों के खिलाफ बीस-बीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह अभियान जारी रहेगा। जुर्माना के लिए नगर निगम ने अलग से एक अकाउंट भी खोला है।

-डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम