मगर जापान में दान का धन छोड़ने के लिए एक व्यक्ति ने शौचालय को चुना। टोक्यो के निकट सकाडो में सिटी हॉल के सार्वजनिक शौचालय में एक लाख तीस हज़ार डॉलर रखे मिले। ये धन ख़रीदारी में इस्तेमाल होने वाले एक प्लास्टिक के बैग में रखा हुआ था।

स्थानीय मुद्रा में इसकी क़ीमत एक करोड़ येन थी और ये करीने से नोटों के बंडल बनाकर ठीक ढंग से प्लास्टिक में लपेटकर रखा गया था। एक करोड़ येन अमरीकी डॉलर में एक लाख तीस हज़ार डॉलर से अधिक होगा।

उस राशि के साथ हाथ से लिखी एक पर्ची भी रखी गई है। उसमें लिखा है, "मैं बिल्कुल अकेला हूँ। कृपया इस धन का इस्तेमाल तोहोकू के लोगों के लिए करें." तोहोकू जापान के उत्तरी भाग में स्थित शहर है जहाँ मार्च में भूकंप और सूनामी से काफ़ी विनाश हुआ था।

सिटी हॉल के अधिकारियों ने बताया कि ये गुमनाम दानकर्ता चुपचाप कब आया और कब चला गया किसी को इसका पता भी नहीं चला। अब अगर तीन महीने के भीतर कोई इस धन पर दावा नहीं करता है तो इसे जापानी रेड क्रॉस को दान कर दिया जाएगा।

जापान में मार्च में हुई उस भयानक त्रासदी के बाद लोगों ने बड़े पैमाने पर दान दिया और इस तरह के काम के लिए लोगों में काफ़ी ईमानदारी भी देखी गई है। उस विनाश वाले इलाक़े से कुल पाँच करोड़ डॉलर के बराबर की जो राशि मिली थी उसे पुलिस थाने में लौटा दिया गया था। इसके अलावा वहाँ के कचरे में मिली तिजोरियों से भी तक़रीबन तीन करोड़ डॉलर के बराबर की राशि इकट्ठी हुई थी।

International News inextlive from World News Desk