जम्मू (पीटीआई)। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। वह बार-बार सीजफायर का वाइलेशन कर रहा है। पाकिस्तान ने शुक्रवार रात को पुंछ और राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के आसपास संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि पाक सेना द्वारा की गई भारी गोलीबारी में कम से कम 16 जानवर मारे गए हैं। पाकिस्तान के नापाक करतूत के बाद पुंछ जिले में कई सरकारी स्कूलों को बंद करना पड़ा है। पाक सेना ने राजौरी में नौशेरा सेक्टर, पुंछ जिले के मेंढर, शाहपुर और बालाकोट के केर्नी सेक्टरों निशाना बनाया। इस गोलीबारी के बाद भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की।

पाक ने दागे मोर्टार

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने शुक्रवार को पहली बार रात 8 बजे से 10 बजे तक नौशेरा सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, इसके बाद रात 11.45 से 2 बजे तक पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार दागे। प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को सुबह लगभग 9.45 बजे पाकिस्तान ने फिर से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और पुंछ जिले में शाहपुर और केर्नी सेक्टरों को निशाना बनाया। पुंछ के डिप्टी कमिश्नर राहुल यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण कई मकानों को मामूली नुकसान पहुंचा है, फिलहाल किसी भी नागरिक के हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं है।

जम्मू-कश्मीर : मेंढर सेक्टर में पाक ने फिर किया सीजफायर का वाइलेशन, भारतीय सेना ने की जवाबी कार्रवाई

इस साल पाक ने 2,050 बार किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

बता दें कि इस साल, पाकिस्तान ने 2,050 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है, जिससे 21 भारतीय मारे गए और अन्य घायल हो गए। भारत लगातार पाकिस्तान से 2003 के संघर्ष विराम का पालन करने, नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर शांति बनाए रखने का आह्वान कर रहा है। भारतीय सेना पूरी तरह से संयम बरतती है। वह बस सीजफायर के उल्लंघन और सीमा पार आतंकवादी घुसपैठ के प्रयासों को विफल करती है।

National News inextlive from India News Desk