-मुख्यमंत्री ने केंद्र से फरक्का की वजह से उत्पन्न गंगा के बढ़े जलस्तर के बारे में की थी बात

-सोमवार को संजय झा ने की केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मुलाकात

- रविवार को 16.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, सोमवार को 18 लाख क्यूसेक

-बिहार से गए जल संसाधन विभाग के इंजीनियर फरक्का में कर रहे कैंप

बक्सर में आज से कम होगा जलस्तर

PATNA: बिहार के 12 जिलों में उत्पन्न बाढ़ का संकटट फरक्का बराज से जल का स्त्राव कम होने की वजह से फिलहाल टल गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस संकट के बारे में दो दिन पूर्व केंद्र को पूरी स्थिति की जानकारी दी थी। प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव को यह बताया था कि अगर फरक्का बराज से डिस्चार्ज बढ़ाया नहीं गया तो वैसे जिलों में बाढ़ आ जाएगी जहां गंगा बह रही है। मुख्यमंत्री की पहल के बाद केंद्र सक्रिय हुआ। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह बताया कि फरक्का से 16 लाख क्यूसेक का डिस्चार्ज कराया जा रहा है। वहीं स्थिति यह थी कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के पहले डिस्चार्ज 13 लाख क्यूसेक से भी कम था। सोमवार को 18 लाख क्यूसेक डिस्चार्ज पर सहमति थी।

सोमवार को राज्य के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शक्तावत से मुलाकात कर फरक्का के मसले पर बातचीत की। झा ने बताया कि इस दौरान केंद्रीय जल आयोग की के अधिकारी भी मौजूद थे। आयोग ने स्वीकार किया कि गाद के चलते फरक्का बराज से जलस्त्राव बाधित है। आयोग की टीम भी बराज स्थल पर पहुंची है। उन्होंने कहा कि टीम की रिपोर्ट के बाद जरूरत हुई तो जलस्त्राव बढ़ाया जाएगा।

जल संसाधन विभाग के संबंधित अधिकारी ने बताया कि विभाग के इंजीनियरों की टीम फरक्का में कैंप कर रही है। नियमित रूप से डिस्चार्ज की जानकारी ली जा रही है। फरक्का बराज कंट्रोल बोर्ड के साथ समन्वय का जिम्मा भी इंजीनियरों की टीम को दिया गया है। उन्नीस सितंबर को इस समस्या के बारे में केंद्रीय जल आयोग व जलशक्ति मंत्रालय को भी लिखा गया था पर बात नहीं बन पाई थी।

- गंगा का जलस्तर आज और कम होगा

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को गंगा के जलस्तर में और कमी आएगी। सोमवार को इलाहाबाद में गंगा के जलस्तर में चालीस सेमी की कमी आई। वाराणसी में भी गंगा का जलस्तर कम हुआ। सोमवार को बक्सर में गंगा का जलस्तर तीन सेमी बढ़ा जरूर पर मंगलवार से वहां भी जलस्तर कम होना शुरू हो जाएगा।