- मेडिका में इलाज कराने आए 4 मरीज मिले कोरोना पॉजिटिव

- राज्य भर से 16 नए इन्फेक्टेड केस मिले

- जमशेदपुर से मिले कोरोना के 6 नए मरीज

RANCHI:रांची में लगातार स्वस्थ हो रहे मरीजों के बीच दो नए पॉजिटिव केस भी सामने आए हैं। इस बार कांके से एक गर्भवती महिला में कोरोना का इन्फेक्शन मिला है, तो वहीं दूसरा मामला केतारी बगान के एक पुरुष का है, जो दिल्ली से इलाज कराकर लौटा था। सिटी के बूटी मोड़ स्थित भगवान महावीर सुपर स्पेशियालिटी मेडिका हॉस्पिटल में गुरुवार को चार मरीजों में कोरोना का इन्फेक्शन पाया गया। सभी इस हॉस्पिटल में इलाज के लिए आए थे, जिसके बाद प्राइवेट लैब में इनके सैंपल की जांच की गई थी। इसके साथ ही गुरुवार को राज्य के छह जिलों से कुल 16 पॉजिटिव केस मिले हैं।

एक्सीडेंट में घायल भी पॉजिटिव

गुरुवार को कोरोना के जितने नए मरीज मिले, उनमें से एक गुमला का भी व्यक्ति शामिल है। वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसका इलाज अभी रिम्स में चल रहा है। इधर, मेडिका में जितने पॉजिटिव केस मिले, उनमें रांची, गिरिडीह, गुमला और धनबाद के एक-एक मरीज हैं।

212 मरीज स्वस्थ हुए

रांची के रिम्स स्थित लैब में हुई जांच में भी तीन नए पॉजीटिव केस मिले। इनमें दो मरीज गढ़वा तथा एक रांची के हैं। रांची की मरीज कांके की रहनेवाली महिला है जो गर्भवती है। राज्य में कोराना के 16 नए मरीज मिलने से अब राज्य में 257 सक्रिय मरीज हो गए हैं। वहीं, 212 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। राज्य में अबतक कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 474 हो गई है।