RANCHI : रांची से बनारस 08181 स्पेशल ट्रेन आज से बनारस जाएगी। भीषण गर्मी को देखते हुए इस ट्रेन को शुरू किया गया है। जो रांची से बनारस और अन्य शहरों को जोड़ने में मदद करेगा। पर इस ट्रेन की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस ट्रेन में शुक्रवार तक मात्र 16 पैसेंजर्स ने टिकट की बुकिंग कराई है। ऐसे में शनिवार को रांची से खुलने वाली यह ट्रेन मात्र 16 पैसेंजर्स के साथ अपनी यात्रा शुरू करेगी।

28 जून तक चलेगी

रांची से बनारस के लिए स्पेशल ट्रेन चार अप्रैल से 28 जून तक चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को रांची से बनारस के लिए खुलेगी। इस ट्रेन में कुल 18 कोच है और सभी कोच एसी है। इसका किराया भी गरीब रथ श्रेणी का है। रांची से बनारस जाने वाले पैसेंजर्स के लिए यह ट्रेन अच्छा विकल्प हो सकता है।

गीतों से सुबह को खुशनुमा बनाएंगी चंदन

साझी तहजीब की परंपरा में शनिवार की सुबह सवा छह बजे मोरहाबादी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा के सामने सुफियाना रंग-निरगुणिया राग नाम से एक खास आयोजन किया जा रहा है। जिसमें रांची के दर्जनों चित्रकारों द्वारा साझी तहजीब और सुफियाना परंपरा पर आधारित तैयार नए चित्रों की प्रदर्शनी होगी और साथ ही प्रदर्शनी के दौरान पुरबियातान की मशहूर लोक गायिका चंदन तिवारी निरगुणिया गीत लोगों को सुनाएंगी। इसमें चंदन का साथ रांची के आंचल शिशु आश्रम की लड़कियां भी देंगी। यह आयोजन झारखंड सरकार के कला, संस्कृति विभाग की ओर से किया जा रहा है।

महिला ने की आत्महत्या

डोरंडा थाना क्षेत्र के हाईकोर्ट कॉलोनी में रहनेवाली 40 वर्षीय महिला रेखा देवी ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि महिला घर में अकेली थी। शुक्रवार की सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो मुहल्ले के लोगों ने इसकी जानकारी डोरंडा थाना पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस संबंध में यूडी केस दर्ज किया है।