कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। रविवार को नौ थाना क्षेत्रों में 18 नये कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस संख्या ने पिछले 64 दिन के सभी रिकार्ड को तोड़ दिया है। इसके पहले बीते मंगलवार को एक साथ 14 नये कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए थे। 18 नये कोरोना संक्रमित मरीजों में 16 मुंबई, एक अहमदाबाद से आए प्रवासी श्रमिक और एक सीओ सदर का हमराही हेड कांस्टेबल हैं। नये संक्रमित मरीजों को लेकर कुल कोरोना पॉजिटिव की संख्या 146 पहुंच गई है। इनमें से 82 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं, जबकि चार मरीजों की मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या 60 है।

सीएमओ डॉ। वीबी सिंह ने बताया कि रविवार को 294 कोरोना जांच सैंपल के परिणाम प्राप्त हुए, जिसमें 276 परिणाम नेगेटिव पाए गए, जबकि 18 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। 18 नए केस में एक पुलिस हेड कांस्टेबल और 17 प्रवासी है। 17 प्रवासियों में 2 पॉजिटिव थाना चौबेपुर, फूलपुर में दो, चोलापुर में पांच, रामनगर में दो, बड़ागांव में एक, कपसेठी में एक, भेलूपुर में एक, लोहता में दो और एक जंसा थाना से संबंधित है। 16 प्रवासी मुंबई और एक अहमदाबाद से वाराणसी आया था। सभी का सैम्पल डीडीयू अस्पताल में लिया गया था, जो जांच के बाद पाजीटिव पाया गया। सभी को डीडीयू के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।

1. ग्राम भरथरा कला थाना चौबेपुर का रहने वाला 48 वर्षीय व्यक्ति ऑटो चलाकर मुंबई से वाराणसी आया था। यह मुंबई में ऑटो चलाता था।

2. आठवीं सिंधोरा थाना फूलपुर का रहने वाला 25 वर्षीय युवक ट्रेन के जरिए मुंबई से वाराणसी आया था।

3. ग्राम जगदीशपुर थाना चोलापुर का रहने वाला 29 वर्षीय युवक भी ऑटो पर सवार होकर मुंबई से बनारस आ गया, जो मुंबई में पेंटर का काम करता था।

4. ग्राम जगदीशपुर थाना चोलापुर का रहने वाला 24 वर्षीय युवक मुंबई में किसी दवा कम्पनी का एमआर है, जो ट्रेन से वाराणसी आया था।

5. ग्राम पहाड़पुर थाना चोलापुर का रहने वाला 38 वर्षीय युवक पिकअप पर सवार होकर मुंबई से वाराणसी पहुंच गया था। युवक मुंबई में सिक्योरिटी गार्ड था।

6. ग्राम बोलिया थाना बड़ागांव का रहने वाला 22 वर्षीय युवक श्रमिक स्पेशल ट्रेन के जरिए मुंबई से वाराणसी आया था, जो मजदूरी का काम करता था।

7. ग्राम हरी भानपुर थाना कपसेठी का रहने वाला 40 वर्षीय व्यक्ति ट्रक पर सवार होकर मुंबई से वाराणसी आया था, जो मुंबई ऑटो रिक्शा चलाता था।

8. ग्राम सरवनपुर थाना लोहता का 42 वर्षीय व्यक्ति अपने ऑटो से ही मुंबई से वाराणसी आया था, जो मुंबई में दस साल से ऑटो चलाता था।

9. ग्राम चौबेपुर खुर्द थाना चोलापुर का रहने वाला 21 वर्षीय युवक श्रमिक स्पेशल ट्रेन के जरिए अहमदाबाद से वाराणसी आया था, जो लेबर का काम करता था।

10. ग्राम हीरामणपुर थाना फूलपुर का रहने वाला 35 वर्षीय युवक कार रिजर्व कर मुंबई से वाराणसी आया था। युवक की मुंबई में कपड़े की दुकान है।

11. बिहलपुर थाना लोहता का रहने वाला 24 वर्षीय युवक ट्रेन के जरिए मुंबई से वाराणसी आया था। मुंबई में युवक मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था।

12. गुरुधाम कॉलोनी थाना भेलूपुर का रहने वाला 34 वर्षीय युवक मुंबई में ओएनजीसी का कर्मचारी है। श्रमिक स्पेशल ट्रेन पर बैठकर मुंबई से वाराणसी आया था।

13. ग्राम बरनी थाना जंसा का रहने वाला 26 वर्षीय युवक ट्रक पर सवार होकर मुंबई से वाराणसी आ गया था, जो मुंबई में मजदूरी का काम करता था।

14. ग्राम उमराहा बराई थाना चौबेपुर का रहने वाला 30 वर्षीय युवक मुंबई से अपनी कार से ही वाराणसी आया था। मुंबई में यह टैक्सी चलाता था।

15. ग्राम गहुरा थाना चोलापुर का रहने वाला 22 वर्षीय युवक मुंबई में अकाउंटेंट का काम करता है, जो श्रमिक स्पेशल ट्रेन से वाराणसी था।

16. ग्राम सूजाबाद थाना रामनगर रहने वाला 38 वर्षीय युवक मुंबई से ट्रेन के सहारे वाराणसी आया था। युवक मुंबई में लेबर का काम करता था।

17. सूजाबाद के रहने वाले युवक के साथ उसका 28 वर्षीय भांजा भी आया था, जो मिर्जापुर का रहने वाला है। जांच में यह भी संक्रमित पाया गया।

18. सीओ सदर वाराणसी का हमराही 24 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल भी संक्रमित पाया गया है।

82 स्वस्थ होकर घर पहुंचे

सीएमओ के अनुसार डीडीयू अस्पताल और बीएचयू में भर्ती 2 मरीजों द्वितीय फॉलोअप सैंपल का परिणाम नेगेटिव आने के कारण उन्हें स्वस्थ घोषित किया गया। रविवार को दोनों मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। डिस्चार्ज में से एक मेदांता का मरीज और दूसरी मरीज पूर्व में पॉजिटिव आए अधिवक्ता के कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग से संबंधित है। अब तक कुल 82 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है। हालांकि गंभीर बीमारी से पीडि़त चार मरीज कोरोना से जंग हार गए और उनकी मौत हो गई। सीएमओ ने बताया कि रविवार को कुल 73 सैंपल कलेक्ट किए गए हैं। अब तक कुल 4687 सैंपल लिए जा चुके है, जिसमें 4239 का परिणाम प्राप्त हो चुका है ,जबकि 448 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।