अबुजा (पीटीआई)। पिछले महीने अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज से समुद्री डाकू द्वारा अगवा किए 19 भारतीयों को रिहा कर दिया गया है। हालांकि, उनकी कैद में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। भारतीय दूतावास ने इस बात की जानकारी दी है। बता दें कि 15 दिसंबर को अफ्रीका के पश्चिमी तट से दूर ऊंचे समुद्रों में एमटी ड्यूक के जहाज से 20 भारतीय चालक दल के सदस्यों का अपहरण कर लिया गया था। अबूजा में भारत के उच्चायोग ने रविवार को ट्वीट किया कि 19 भारतीय नागरिकों को शनिवार को रिहा कर दिया गया, जबकि एक की मौत 'प्रतिकूल परिस्थितियों' में समुद्री डाकुओं की कैद में हो गई है।

भारत ने नाइजीरियाई अधिकारियों को दिया धन्यवाद
भारत ने अपहृत भारतीयों की रिहाई में सहायता के लिए नाइजीरियाई अधिकारियों को धन्यवाद दिया है। भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया, 'भारतीय सरकार और मिशन ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी और एमवी ड्यूक से 15 दिसंबर को अपहरण किए गए 20 भारतीय समुद्री नाविकों की रिहाई के लिए नाइजीरिया के साथ मिलकर काम किया। 19 को कल रिलीज किया गया है। दुख की बात यह है कि कैद में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। इसके लिए हमारी गहरी संवेदना है। सभी को जल्द ही भारत भेज दिया जाएगा।' अबूजा में भारतीय मिशन ने इस मामले को नाइजीरियाई अधिकारियों और पड़ोसी देशों के अधिकारियों के साथ उठाया था।

International News inextlive from World News Desk