- 352 सक्रिय मरीज बचे राज्य में, कुल संख्या 613 तक पहुंची

- अबतक 256 मरीज दे चुके हैं कोरोना को शिकस्त

किस जिले से कितने मरीज

जमशेदपुर - 10

हजारीबाग - 03

साहिबगंज-02

रांची - 01

लोहरदगा - 01

रामगढ़ - 01

धनबाद-01

RANCHI: रविवार को भी राज्य के अलग-अलग जिलों से कोरोना के मरीजों का मिलना जारी रहा। हालांकि, एक दिन पहले 72 मरीजों के मिलने की तुलना में रविवार को काफी कम लोग पॉजिटिव पाए गए। सात जिलों से कुल 19 इन्फेक्टेड मिले हैं। इनमें से एक रांची का भी मरीज शामिल है, जो आईआईएम, रांची का कर्मचारी है।

सबसे ज्यादा मरीज जमशेदपुर के

राज्य में अब कोरोना के 353 एक्टिव केसेज बचे हैं। इन्फेक्टेड लोगों की कुल संख्या 613 हो गई है। वहीं ठीक होने वालों की संख्या 256 है। कोरोना से पांच लोगों की मौत भी हो चुकी है। रविवार को जमशेदपुर में 10, हजारीबाग में तीन, साहिबगंज में दो तथा रांची, लोहरदगा, धनबाद और रामगढ़ में एक-एक नए मरीज मिले। रांची के मरीज के बारे में बताया जाता है कि वह सूचना भवन स्थित आईआईएम में काम करता है। उसने एक प्राइवेट लैब में जांच कराई थी। हजारीबाग के तीन नए संक्रमित मरीजों में एक पदमा प्रखंड के कुटीपीसी नावाडीह निवासी 38 वर्षीया महिला है, जो पिछले दिनों फरीदाबाद से हजारीबाग वापस लौटी है। दूसरा मरीज शहर के पगमिल निवासी 36 वर्षीय युवक है, जो हैदराबाद से वापस हजारीबाग लौटा है। जबकि, तीसरा संक्रमित मरीज विष्णुगढ़ प्रखंड के गोविंदपुर गांव का निवासी 22 वर्षीय युवक है।

लॉकडाउन में छूट पर फैसला आज

लॉकडाउन-पांच के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में छूट के निर्णय को लेकर राज्य सरकार रविवार को किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। सोमवार को इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विचार-विमर्श और सहमति मिलने के बाद नए दिशा-निर्देश की घोषणा आपदा प्रबंधन विभाग करेगा। रविवार को इस संबंध में विभागों की कवायद जारी रही। इस बाबत बनी कमेटी का प्रस्ताव तैयार हो चुका है। प्रमुख विभागीय सचिवों ने मुख्य सचिव से भी इस संबंध में विमर्श किया है। माना जा रहा है कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट को फिर से शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है। कुछ नियम व शर्तो के साथ बस, ऑटो, ई-रिक्शा सहित सभी निजी व व्यवसायिक वाहनों को चलाने की तैयारी है। निर्णय यह लेना है कि वाहनों में क्षमता के मुकाबले कितने लोग बैठेंगे। कंटेनमेंट जोन को छोड़कर उन सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी राज्य में अब पूरी तरह खोल दिए जाने की उम्मीद है जिसे लॉकडाउन की अवधि में बंद किया गया था।