देहरादून, दून के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती बुजुर्ग व ऋषिकेश एम्स में भर्ती कोरोना पॉजिटिव महिला की वेडनसडे को मौत हो गई। दून में कोरोना से मौत का आंकड़ा अब 6 पर पहुंच गया है। हालांकि, दोनों ही पेशेंट मूल रूप से दून से बाहर के रहने वाले थे। मैक्स में भर्ती बुजुर्ग सहारनपुर व एम्स में भर्ती महिला मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी।

मौत का आंकड़ा पहुंचा 6

सीएमओ डॉ। बीसी रमोला ने बताया कि सहारनपुर निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें मंडे को मैक्स हॉस्पिटल ले गए थे। डॉक्टर्स ने हार्ट संबंधी दिक्कत बताई और सर्जरी के लिए एडमिट कर लिया। सर्जरी से पहले कोरोना टेस्ट किया तो ट्यूजडे रात रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद पेशेंट को दून हॉस्पिटल रेफर करने की तैयारी की जा रही थी, कि रात को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। सीएमओ ने बताया कि उन्हें वेंटिलेटर पर रखकर बचाने की कोशिश की गई, लेकिन बचाया नहीं जा सका। हेल्थ डिपार्टमेंट ने मैक्स हॉस्पिटल से संक्रमित मरीज के संपर्क में आए डॉक्टरों, स्टाफ और परिजनों के बारे में जानकारी ली है। दूसरी और ऋषिकेश एम्स में एडमिट 25 वर्षीय महिला को डिहाइड्रेशन की शिकायत के चलते एक जून को एम्स में भर्ती कराया गया था। वह ओपीडी में आई और वहीं उसका कोरोना सैंपल लिया गया था, जो पॉजिटिव आया। वेडनसडे देर शाम उसकी मौत हो गई। इन दोनों केसेज के बाद कोरोना पॉजिटिव की मौत का आंकड़ा 6 तक पहुंच चुका है।

कब-कब हुई मौत

1 मई- 56 वर्षीय महिला की ब्रेन स्ट्रोक से एम्स में मौत।

22 मई- एम्स में भर्ती कैंसर पेशेंट महिला की मौत।

24 मई- दून हॉस्पिटल में भर्ती 31 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत।

1 जून- एम्स में भर्ती 26 वर्षीय युवक की मौत।

10 और पॉजिटिव

दून में वेडनसडे को कोरोना के 10 और पॉजिटिव केस रिपोर्ट हुए हैं। दून में पॉजिटिव्स की संख्या अब 294 पहुंच चुकी है। जिनमें 244 एक्टिव केस हैं। दून हॉस्पिटल की एक महिला डॉक्टर, महिला स्टाफ नर्स और महिला गार्ड में भी कोरोना संक्रमण पाया गया है। 3 लोगों को दून हॉस्पिटल से डिस्चार्ज भी किया गया।