हिंदू हास्टल के निकट अपने साथियों संग दिया था घटना को अंजाम

इलाहाबाद युनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष पद पर लड़ चुका है चुनाव

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: सिविल लाइंस बस अड्डे के पास से शुक्रवार को एसटीएफ ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ उपाध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके सचिन शर्मा नामक छात्र को गिरफ्तार किया। सचिन शर्मा उर्फ पंडित पुत्र डा कृपा शंकर शर्मा देवनगर झूंसी का रहने वाला है। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था।

मुखबिर से मिली थी सूचना

सीओ एसटीएफ नवेन्दु सिंह ने बताया कि पकड़े गए सचिन शर्मा उर्फ पंडित के बारे में मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी। इस पर टीम ने उक्त स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देख अभियुक्त भागने लगा, तो टीम ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। पूछताछ में पंडित ने बताया कि वह इलाहाबाद युनिवर्सिटी के छात्र संघ के चुनाव में उपाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा चुका है। वह तीसरे स्थान पर था। उसने बताया कि चुनाव में खड़े कई प्रत्याशी नहीं चाहते थे कि वह चुनाव लड़े। चुनावी रंजिश के कारण ही कुछ लोग उससे रंजिश रखने लगे। घटना वाले दिन वह हिंदु हास्टल के पास खड़ा चाय पी रहा था। तभी रजनीश सिंह उर्फ रिशू अपने साथियों के साथ आया और गाली देने लगा। विरोध पर मारपीट हो गयी। घटना हास्टल के पास की थी। शोरगुल की आवाज सुन कर उनके साथी पहुंच गए। उन्होंने हमले का जवाब दिया। घटना में दोनो पक्षों के लोग घायल हुए थे। सीओ ने बताया कि अभियुक्त पर सिविल लाइंस व कर्नलगंज में दो-दो मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।