- जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स पर शनिवार देर शाम तक चलता रहा मरम्मत का काम

- गंगाजल के लिए 160 मी। की पाइपलाइन डालने के दौरान फटी थी 30 इंच की पाइपलाइन

आगरा। शहर के 3.5 लाख लोगों को आज भी पेयजल आपूर्ति की किल्लत झेलनी होगी। शनिवार देर शाम तक जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स पर 30 इंच की पाइपलाइन की मरम्मत का काम जारी था। जिम्मेदारों ने शनिवार शाम तक पाइपलाइन के दुरुस्त होने की बात कही थी, लेकिन पाइपलाइन दुरुस्त नहीं हो सकी। इसके चलते ट्रांस यमुना और एत्माद्दौला समेत तकरीबन 3.5 लाख लोगों को शनिवार को भी पानी नसीब नहीं हो सका। संडे को भी काम पूरा होता नहीं दिख रहा है।

धमाके के साथ फटी थी पाइपलाइन

अग्रवन से जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स तक गंगाजल पहुंचाने के लिए 160 मी। की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसमें लगभग काम पूरा हो चुका है। गुरुवार शाम 6 बजे 160 मी। की पाइपलाइन को जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स से कनैक्ट करने के लिए खुदाई की जा रही थी। उसी दौरान शहर की सप्लाई के लिए जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स से गुजर रही 30 इंच की पाइपलाइन धमाके के साथ फट गई। इसके चलते पूरा एरिया जलमग्न हो गया। हजारों लीटर पानी बह गया। उसी दिन से आधे से ज्यादा शहर की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई।

मेयर ने किया निरीक्षण

शुक्रवार को मेयर नवीन जैन ने जीवनी मंडी वाटर व‌र्क्स एरिया का निरीक्षण कर फटी पाइपलाइन के नुकसान का जायजा लिया था। मेयर ने बताया कि जहां एक तरफ पाइप लाइन फट गई थी, तो वहीं दूसरी तरफ मिट्टी की ढाय भी गिर गयी थी, जिससे मरम्मत कार्य में असुविधा हो रही है। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। जो पानी भर गया है, उसे मशीनों द्वारा बाहर निकाला जा रहा है। इस पाइपलाइन के फटने से तकरीबन 3.5 लाख लोगों को पानी की आपूर्ति की जाती थी। हालांकि अधिकारियों को जल्द काम खत्म कर पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने के निर्देश दिए है। अभी टैंकरों से आपूर्ति को कहा गया है।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके पंकज, पीयूष पंकज, जलकल के अधिशासी अभियंता आर एस सिंह, जेई विनीत चौधरी, भाजपा नेता श्याम सलोने वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।

यहां दुरुस्त हुई पाइलपलाइन, पर नहीं मिला पानी

शनिवार को ग्रीन गैस की पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई 24 इंच की पाइपलाइन को दुरुस्त कर दिया गया, लेकिन लोगों को पानी नसीब नहीं हो सका। आवास विकास सेक्टर आठ में बीते दिनों ग्रीन गैस की पाइपलाइन बिछाने के दौरान पाइपलाइन फट गई थी। 24 इंच की पाइपलाइन से पूरे एरिया में पेयजल आपूर्ति की जाती थी। इस दौरान हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। सड़क भी धंस गई थी। शनिवार को पाइपलाइन को दुरुस्त कर लिया गया। सड़क पर हुए गड्ढों को भरने का काम जारी रहा। लोगों का कहना था कि अभी तक पानी नहीं आया है। जीएम जलकल आरए यादव ने बताया कि पानी स्टोर किया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। इसके लिए सभी अधीनस्थों को निर्देश दिए जा चुके हैं।