PATNA : पटना में अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। आए दिन हत्या और लूट की घटना से लोग दहशत में है। सोमवार की रात एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर तीन लाख रुपए लूट की घटना को अंजाम दिया। लूट का विरोध कर रहे पेट्रोल पंप मालिक के भाई सहित तीन को बदमाशों ने बंदूक के बट से बुरी तरह घायल कर दिया। उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। हालांकि पुलिस मामले में 95 हजार रुपए लूट की बात स्वीकार रही है। वहीं पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारियों ने तीन लाख रुपए लूट की पुष्टि की है। मामले में पुलिस हर एंगल पर पड़ताल में जुटी हुई है।

पेट्रोल लेने के बहाने आए थे

दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के सरारी गुमटी के पास समशाद पेट्रोल पंप है। वहां पर करीब 8 बजे दो बाइक से पांच लोग पेट्रोल भरवाने आए थे। एक बाइक पर तीन लोग बैठे थे और एक बाइक पर दो लोग थे। उन लोगों ने अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाया। इसके बाद पेट्रोल भर रहे कर्मचारी बिट्टु को अचानक मारने लगे और उसके पास रखे 95 हजार रुपए लूट लिए। इसके बाद वो लोग भागते हुए केबिन में गए।

विरोध करना पड़ा महंगा

घटना के समय पेट्रोल पंप के मालिक समशाद के छोटे भाई नियाज भी वहीं पर मौजूद थे। उन्होंने लूट का विरोध किया। इस पर एक बदमाश ने उन्हे पिस्टल के बट से मार दिया। इस दौरान वो गिर गए। इसी बीच नियाज के चाचा फिरोज भी वहां पर आ गए और वो उनसे लड़ गए। इन्हे भी बदमाशों ने बट से मारा और वहां से भाग गए। नियाज और फिरोज को गंभीर चोट आई है। दोनों का इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भीड़-भाड़ इलाके में हड़कंप

जहां पर लूट की घटना हुई वहां से महज चंद कदम की दूरी पर पूर्व मध्य रेलवे का मुख्यालय है। दानापुर रेलमंडल का बड़ा रेलवे स्टेशन है। बड़ी रेलवे कॉलोनियों में आने जाने वाले लोगो का मुख्य रास्ता है। ऐसे में खगौल में एक बार फिर लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। घटना के बाद पुलिस भी आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उससे आरोपियों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने चारों तरफ से नाकाबंदी कर दी लेकिन फिर भी अपराधियों का कोई अता-पता नहीं चल पाया और वो भागने में कामयाब हो गए।