मेरठ पहुंची राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री ने किया कार्यक्रम को संबोधित

कहाकि जल्द ही पीओके पर भी हो सकता है बड़ा फैसला

Meerut। कश्मीर सिर्फ जमीन का टुकड़ा नहीं बल्कि हर देशवासी की आस्था का केंद्र है। जल्द ही पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित शारदा पीठ में अब छात्र अपनी शिक्षा-दीक्षा को पूर्ण कर सकेंगे। कश्मीर से धारा 370 और 35 ए के हटने के बाद केंद्र की मोदी सरकार जल्द ही पीओके पर बड़ा फैसला लेना चाहती है। पीओके का इतिहास दोहराते हुए भाजपा नेता और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने कहा कि एकतरफा युद्ध विराम का पं। जवाहर लाल नेहरू का फैसले का नतीजा पीओके है। नहीं तो आज लाहौर भी हिंदुस्तान में होता। ऐतिहासिक फैसले की वजह पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति को बताया।

28 साल का मिशन

सीसीएस यूनीवर्सिटी के सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में गुरुवार को आयोजित राष्ट्रीय एकता अभियान में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने अपने संबोधन में 1991 की उस घटना को दोहराया जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपेयी के आह्वान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में लाल चौक पर तिरंगे को फहराया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि वे भी इस ऐतिहासिक पल की साक्षी थीं। अपने ही देश में जिस तरह का बर्ताव किया गया था वो कभी भुलाने वाला नहीं है। गौरतलब है कि कश्मीर से धारा 370 और 35 ए के हटने के बाद भाजपा देशभर में राष्ट्रीय एकता अभियान का संचालन कर रही है। जिसमें देशवासियों को केंद्र सरकार के इस फैसले के बारे में जानकारी दी जा रही है और उनके इम्पैक्ट बताए जा रहे हैं। उन्होंने धारा 370 और 35 ए के रहते हुए कश्मीर के हालातों की जानकारी दी। एक राष्ट्र-एक संविधान स्लोगन के साथ आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर धौलपुर के सांसद मनोज राजौरिया और धौलपुर की विधायक शोभा कुशवाहा थीं। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने एक देश, दो निशान, दो विधान और दो प्रधान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह देश के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अखंड भारत का सपना आज पूरा हुआ है।

जनता का जताया आभार

पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र में दोबारा मोदी सरकार बनाने पर जनता को धन्यवाद दिया। प्रदेश में प्रचंड बहुमत से योगी सरकार बनाने पर बधाई दी। इस दौरान प्रेक्षागृह परिसर में एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया था। जिसका फीता काटकर पूर्व मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। विधायक सोमेंद्र तोमर, एसपी अग्रवाल, सतवीर त्यागी, एमएलसी डॉ। सरोजनी अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रविंद्र भड़ाना, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, कमलदत्त शर्मा आदि इस दौरान मौजूद थे।