आरोपी कारोबारी मनोज अरोड़ा को नोएडा से सेंट्रल एक्साइज की टीम ने टैक्स चोरी में किया था गिरफ्तार

2017 से मेरठ जेल में बंद था आरोपी कारोबारी मनोज, इलाज के लिए दिल्ली एम्स लेकर गई थी मेरठ पुलिस

Meerut। दिल्ली एम्स में भर्ती 400 करोड़ की टैक्स चोरी मामले का आरोपी कारोबारी शनिवार को फरार हो गया। दरअसल, मेरठ जेल में बीमारी के चलते उसे दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। पुलिस कर्मियों ने इस मामले की जानकारी पुलिस लाइन में आरआई को फोन पर दी। जिसके बाद एसएसपी ने पूरे मामले में आरआई से रिपोर्ट तलब की। जेल प्रशासन तक यह मामला पहुंचा तो उनके भी होश उड़ गए।

ये है मामला

नोएडा से गुटखा कारोबारी मनोज अरोड़ा को 2017 में सेंट्रल एक्सरसाइज की टीम ने चार करोड़ की टैक्स चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उसे मेरठ सेंट्रल एक्साइज टीम ने मेरठ जेल भेजा था। तब से मनोज अरोड़ा मेरठ जेल में ही बंद था। मनोज अरोड़ा शुगर के साथ-साथ हार्ट पेशेंट भी था।

नौ अगस्त को ले जाया गया एम्स

मेडिकल के उपचार के बाद कारोबारी ने दिल्ली में उपचार कराने की बात कही। हार्ट और शुगर कीबीमारी के चलते नौ अगस्त को पुलिस मनोज अरोड़ा को गार्द में लेकर एम्स पहुंची। जिसके बाद यहां पुलिस को चकमा देकर कारोबारी कस्टडी से फरार हो गया। इस बात की जानकारी जैसे ही पुलिसकर्मियों को लगी तो उनके हाथ-पांव फूल गए। जिसके बाद तुरंत पुलिस लाइन में आरआई को इस मामले की जानकारी दी गई। आरआई ने एसएसपी समेत तमाम बड़े अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई। दिल्ली पुलिस की मदद लेकर कारोबारी की तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। जिसके बाद जेल प्रशासन से आरआई ने कारोबारी के मामले में जानकारी जुटाई।

मुलाकातियों पर फोकस

कारोबारी मनोज अरोड़ा से पिछले छह महीने में कौन-कौन मिलने आया था। इसकी जानकारी पुलिस जेल अधिकारियों के रिकार्ड में खंगाल रही है। जिससे कारोबारी को फरार कराने में किसकी भूमिका है इसकी जानकारी लग सके। सभी मुलाकात के रजिस्टर भी जेल प्रशासन ने निकालने शुरू कर दिए हैं। आरआई का कहना है कि इस मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट बनाई जा रही है।

कारोबारी भागा या भगाया गया

टैक्स चोरी का आरोपी मनोज अरोड़ा भागा है या भगाया गया है। इसकी जांच पड़ताल करने में पुलिस जुटी है। सूत्रों के मुताबिक जो बातें सामने आ रही है उसमें निकलकर आया है कि पुलिसकर्मियों से सेटिंग करके ही आरोपी कारोबारी को भगाया गया है। इस बिंदु पर भी पुलिस की विवेचना शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर सस्पेंड की कार्रवाई की जाएगी।

बदन सिंह बद्दो भी हो चुका है फरार

कुख्यात बदमाश बदन सिंह बद्दो भी मुकुट महल होटल से करीब छह महीने पहले भाग गया था। जिसमें पुलिसकर्मियों को जेल तक भेजा गया था। शहर के कुछ कारोबारी और एक स्कूल संचालक का नाम भी इसमें सामने आया था। पुलिस ने इन पर भी मुकदमा कायम किया था। एसटीएफ, पुलिस और कई राज्यों की पुलिस बदन का सुराग जुटाने में नाकाम हो चुकी है। बताया जा रहा है कि बदन फर्जी पासपोर्ट के सहारे ऑस्ट्रेलिया भाग गया है।