वंदेमातरम् के सम्मान में खड़े हुए मुस्लिम पार्षद

भाजपा पार्षदों ने किया बजट बैठक का बहिष्कार

Meerut। नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक और बोर्ड बैठक में वंदेमातरम् गायन को लेकर होने वाला विवाद शनिवार को खत्म नजर आया। इस बार नगर निगम कार्यकारिणी की बजट बैठक में वंदेमातरम् का विरोध करने वाले मुस्लिम पार्षद भी वंदेमातरम् के सम्मान में खड़े हुए। इसके बाद बजट बैठक में 508 करोड़ रुपये के पुनरीक्षित बजट को सर्वसम्मति से पास किया गया।

भाजपा का बहिष्कार

बजट बैठक का भाजपा कार्यकारिणी सदस्यों ने बहिष्कार किया। पांचों कार्यकारिणी सदस्य बैठक में आए ही नहीं। महापौर सुनीता वर्मा ने कार्यकारिणी उपाध्यक्ष इकरामुद्दीन को शपथ दिलाई। इसके बाद पुनरीक्षित बजट पर चर्चा हुई।

508 करोड़ का बजट

टाउन हॉल में शनिवार को हुई बजट बैठक में 37 मिनट में 508 करोड़ रूपये का पुनरीक्षित बजट पास किया गया।

टैक्स वसूली में काफी पीछे

बजट को सबसे पहले कार्यकारिणी उपाध्यक्ष इकरामुद्दीन ने रखा और उसके बाद चर्चा शुरू हुई। नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य सविता गुर्जर और धर्मवीर सिंह ने कहा कि हाउस टैक्स की वसूली काफी पीछे चल रही है। करीब 35 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष वसूली 20 करोड़ भी नहीं है, जबकि 40 प्रतिशत मकानों पर हाउस टैक्स लगाया ही नहीं गया। इस पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी असीम रंजन ने जवाब दिया, तो सदस्य भड़क गए।

नए वार्डो में गंदगी की समस्या

कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद कासिम सलमानी ने नए वार्डो में सफाई कर्मचारियों की तैनाती न होने का मामला उठाया। कार्यकारिणी सदस्य जुबैर अंसारी ने अवैध होर्डिंग का मामला उठाया।

अधिक खर्च पर उठाया सवाल

कार्यकारिणी सदस्य रंगीता ने वाहनों की मरम्मत में बजट से अधिक खर्च करने का मामला उठाया। कहा कि वाहनों की मरम्मत में डेढ़ करोड़ खर्च करना था, लेकिन 1 करोड़ 92 कैसे खर्च कर दिया। इसका हिसाब दिया जाए। इस बजट को अब बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।

जिन्हें शहर का विकास कराना है वो इस बैठक में आए और जिन्हें नहीं कराना है वो बैठक से गायब रहे।

सुनीता वर्मा, महापौर