देहरादून: उत्तराखंड में मैदान से लेकर पहाड़ तक वायरस तेजी से पैर पसार रहा है। बुधवार को भी प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 56 नए मामले सामने आए। इन्हें मिलाकर संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 479 पहुंच गई है। इनमें से 81 मरीज स्वस्थ होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। 391 मरीज अभी भर्ती हैं। तीन मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं, जबकि कोरोना संक्रमित चार मरीजों की मौत भी हो चुकी है।

बुधवार को टिहरी जनपद में कोरोना के सर्वाधिक 22 नए मामले सामने आए हैं। इनमें एक दिल्ली व अन्य लोग महाराष्ट्र से 19 मई को लौटे हैं। तब से संस्थागत क्वारंटाइन थे। पौड़ी में भी 13 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें एक व्यक्ति नोएडा से और 12 महाराष्ट्र से वापस लौटे हुए हैं। ऊधमसिंहनगर में 20 मई को महाराष्ट्र से लौटे सात और पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें सितारगंज निवासी तीन सगे भाईयों के साथ ही दो लोग पिथौरागढ़ और एक-एक खटीमा व चंपावत के निवासी हैं। इन्हें पंतनगर स्थित हॉस्टल में क्वारंटाइन किया गया था। देहरादून जनपद में भी दो और पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें सत्तोवाली घाटी निवासी 37 वर्षीय एक महिला को सांस में तकलीफ व शुगर की समस्या के चलते 25 मई को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। ऋषिकेश में एक डेढ़ वर्षीय बच्चे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बैराज कॉलोनी निवासी बच्चे के माता-पिता में पहले ही कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। दंपती 13 मई को बच्चे के साथ दिल्ली से लौटा था। जनपद नैनीताल में भी तीन नए मामले सामने आए हैं। इनमें बेतालघाट की एक युवती 25 मई को गुरुग्राम से लौटी है। जबकि रामनगर निवासी दो युवक मुम्बई व दिल्ली से लौटे हैं। अल्मोड़ा में 10 मई को गुरुग्राम से लौटने के बाद पहले होम क्वारंटाइन और फिर संस्थागत क्वारंटाइन दंपती समेत छह नए मरीज मिले हैं, चार अन्य महाराष्ट्र से लौटे हैं। पिथौरागढ़ में तीन पॉजिटिव केस मिले, इनमें एक अहमदाबाद और दो दिल्ली से लौटे हैं।

उत्तराखंड: कोरोना मीटर

जांच रिपोर्ट - 726

निगेटिव रिपोर्ट -- 670

पॉजिटिव रिपोर्ट -- 56

अब तक स्वस्थ -- 81

एक्टिव केस --- 391

अभी तक मौत- 04

राज्य में कुल संक्रमित संख्या - 479