जमशेदपुर : द टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के कर्मचारियों को 17.5 फीसद बोनस मिलेगा। सोमवार को कंपनी प्रबंधन व गोलमुरी टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के बीच समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया गया। कंपनी के कांफ्रेंस हॉल में हुए बोनस समझौते के मुताबिक कर्मचारियों को न्यूनतम 24,756 व अधिकतम 55,976 रुपये मिलेंगे। अगले शुक्रवार तक बोनस की यह राशि कर्मचारियों के बैंक खाते में चली जाएगी। बोनस मद में कर्मचारियों के बीच कुल तीन करोड़ 81 लाख रुपये बांटे जाएंगे।

बीते साल था अधिकतम 61,198

वित्तीय सत्र 2017-18 में कर्मचारियों को 20 फीसद बोनस मिला था। तब न्यूनतम 21,713 व अधिकतम 61,198 रुपया बोनस हुआ था। वहीं वित्तीय वर्ष 1916-17 में कर्मचारियों को 15.5 फीसद बोनस मिला था। कर्मचारियों को 15 हजार से लेकर 46 हजार रुपये मिले थे। समझौते से कंपनी के कुल 1005 स्थायी कर्मचारी लाभान्वित हुए थे।

इन्होंने किए हस्ताक्षर

समझौता पत्र पर प्रबंधन पक्ष से प्रबंध निदेशक आरएन मुर्ति, उपाध्यक्ष कारपोरेट रूपम भादुड़ी, महाप्रबंधक व‌र्क्स एस। वेंकटरमण, उप महाप्रबंधक हरजीत सिंह, चीफ मेडिकल अतुल श्रीवास्तव, वरीय प्रबंधक गुरप्रीत सिंह व लोकेश वर्मा, यूनियन से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, डिप्टी प्रेसीडेंट परविंदर सिंह, महासचिव मनोज कुमार ंिसह, डीके सिंह, गौतम डे, मुन्ना खान, आर। रमेश राव, आरएन सिंह, नरेंद्र कुमार ओझा व दलजीत सिंह ने हस्ताक्षर किए।

फार्मूले से बन रहा था 16.5 परसेंट बोनस

बोनस फार्मूले के तहत कर्मचारियों को 16.5 फीसद बोनस मिलना था लेकिन यूनियन के आग्रह पर प्रबंधन ने उसे 17.5 फीसद किया। यूनियन महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की पहल पर समय पर समझौता हुआ है।

बोनस का मिलेगा एरियर

यूनियन महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन बहुत जल्द हो जाएगा। ऐसे में बोनस का एरियर भी कर्मचारियों को मिलेगा। फिर अगले साल बढ़े हुए ग्रेड का लाभ बोनस की राशि में जुड़ जाएगा।