जमशेदपुर : बागबेड़ा रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी निवासी टीचर संतोष कुमार के घर में डकैती को अंजाम देने वाले छह अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में एक सोनार भी है। पुलिस टीम ने डकैतों की निशानदेही पर आभूषण, लैपटाप और डीबीआर भी बरामद कर लिया है। शनिवार को पुलिस इस डकैती के मामले में मिली सफलता की जानकारी मीडिया को दे सकती है। गौरतलब हो कि टीचर के घर में 11 अगस्त की मध्यरात डेढ़ बजे पांच नकाबपोश अपराधियों ने उसके (टीचर के) मामा ससुर को बंधक बना डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। इसमें चार लाख के गहने डकैती ले लिए थे।

दुकान से गला आभूषण बरामद

टीचर की घर डकैती की घटनो को रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के शिबू, सुनील, बागबेड़ा भिखारी मैदान के सचिन, टेल्को जेम्को गुरुद्वारा बस्ती निवासी सुशील एवं एक अन्य ने अंजाम दिया था। आभूषण, लैपटाप और डीबीआर की बिक्री बागबेड़ा सीपी टोला निवासी सोनार अरविंद को कर दी थी। उसके घर और दुकान से पुलिस ने गला हुआ आभूषण, चांदी, लैपटाप और डीबीआर बरामद किया गया। सोनार ने डकैतों को 12 हजार रुपये दिए थे। सोना उसने गला दिया था ताकि उसकी पहचान नहीं हो सके।

गिरोह की कई मामले में संलिप्तता

डकैती मामले में गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्यों ने बर्मामाइंस, बागबेड़ा और ओडिशा के झारसुगोड़ा में आपराधिक वारदात को अंजाम दिया था। बर्मामाइंस सिक्यूरिटी फ्लैट और बागबेड़ा लाल बिल्डिंग महिला टीटी के घर में हुई चोरी में गिरोह की संलिप्तता थी। सिक्यूरिटी फ्लैट से चुराए गए गहने को 40 हजार और महिला टीटी के घर से मिले गहने को 30 हजार रुपये में सोनार को बेचा था।

झारसुगोड़ा में महिला की कर दी थी हत्या

गिरोह का सरगना सुशील के संबंध में पुलिस को जानकारी मिली है कि ओडिशा के झारसुगोड़ा में चोरी के विरोध पर घर की महिला की उसने हत्या कर दी थी।