- नगर निगम ने गलियों और मार्केट के हिसाब से तैयार किया एक्शन प्लान

- सफाई कर्मियों की बढ़ाई गई जिम्मेदारी, सकरी गलियों पर खास फोकस

LUCKNOW: नगर निगम की ओर से शहर की हर एक गली और मार्केट को स्वच्छ बनाने के लिए एक्शन प्लान बनाया गया है। एक्शन प्लान में छह बिंदु शामिल किए गए हैं, जिनके आधार पर शहर को स्वच्छता की पटरी पर वापस लाने की कवायद होगी। इस संबंध में सफाई कर्मियों की भी जिम्मेदारी बढ़ाई जाएगी। साथ ही मॉनीटरिंग लेवल भी दुरुस्त किया जाएगा। नगर निगम के छह बिंदुओं पर फोकस करती रिपोर्ट

ये हैं छह बिंदु

1-कूड़ा कलेक्शन- नगर निगम की ओर से शत प्रतिशत घरों से कूड़ा कलेक्शन पर फोकस किया जाएगा। साथ ही गलियों से भी नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाएगा और उसे शिवरी प्लांट भेजा जाएगा

2- नाले- नालियों की सफाई- हर जोन में प्रमुख नाले-नालियों की सफाई पर भी फोकस किया गया है। इनकी सफाई से जलभराव नहीं होगा।

3-आवारा जानवर- आवारा जानवरों और अवैध डेयरियों के खिलाफ डेली अभियान चलेगा। जो जानवर पकड़े जाएंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। छुड़ाने आने वालों के खिलाफ एफआईआर होगी।

4-अतिक्रमण- हर जोन में अतिक्रमण है। सभी जोनल अधिकारियों को डेली अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश ि1दए गए हैं।

5- पॉलीथिन एवं प्लास्टिक- निगम टीमें बाजार एरिया में चेकिंग अभियान चलाकर पॉलीथिन-प्लास्टिक से निर्मित उत्पाद जब्त करेंगी और स्पॉट फाइन भी करेंगी।

6- शाम को सफाई- निगम की ओर से मार्केट एरिया और प्रमुख मार्गो के किनारे शाम को भी सफाई मशीनों के माध्यम से कराई जाएगी।

पहले भी कवायद

निगम की ओर से पहले भी ऐसी कवायद की गई थी, लेकिन कोई खास रिस्पांस सामने नहीं आया था। निगम ने अब नए सिरे से उक्त बिंदुओं को इंप्लीमेंट करने के लिए कमर कसी है।

स्मार्ट वॉच पर भी फोकस

निगम की ओर से सभी सफाई कर्मियों को नियमित रूप से स्मार्ट वॉच पहन कर ही फील्ड में जाने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई सफाई कर्मी बिना स्मार्ट वॉच के मिलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

वर्जन

शहर को स्वच्छ बनाने के लिए कई बिंदुओं पर काम हो रहा है। हमारा प्रयास है कि शहर की हर एक गली और मार्केट साफ नजर आए।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त