- 60 लोगों की 7 दिन की अवधि पूरी होने के बाद होम क्वारंटाइन के लिए भेजा

DEHRADUN: दून में 25 मई से फ्लाइट की सेवा शुरू की जा चुकी थी। फ्लाइट से आने वाले लोगों के लिए सामान्य तौर पर पेड क्वारंटाइन की व्यवस्था की गई है और कमजोर आर्थिक स्थिति पर ही उन्हें संस्थागत क्वारंटाइन में भेजा जा रहा है। अब तक दून में 720 लोगों को होटलों में बनाए गए पेड क्वारंटाइन में रखा गया है। इसमें से 60 लोगों की सात दिन की अवधि पूरी होने के बाद होम क्वारंटाइन के लिए भेज दिया गया है। राहत की बात यह है कि फ्लाइट से आने वाले सैकड़ों लोगों में से सिर्फ एक में ही कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

अस्पताल में कराया एडमिट

पेड क्वारंटाइन में रह रहे जिस व्यक्ति में कोरोना संक्रमण मिला, वह दिल्ली से दून पहुंचा था। पेड क्वारंटाइन में दर्ज कराए गए विवरण में संबंधित व्यक्ति ने अपना पता ऋषिकेश लिखवाया है। होटल मयंक के बाद कोरोना संक्रमित युवक को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इसके साथ ही युवक के साथ बस में जौलीग्रांट एयरपोर्ट से होटल पहुंचे अन्य लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी में भी कोरोना जैसे लक्षण नहीं मिले हैं। उधर, मंगलवार को अन्य राज्यों से आने वाले लोगों में से 157 के सैंपल लिए गए हैं। जो लोग दिल्ली से रेल से आए, उन्हें संस्थागत क्वारंटाइन किया जा रहा है। हालांकि, काठगोदाम से आने वाले लोगों को 14 दिन के होम क्वारंटाइन पर भेजा गया है।