RANCHI: यदि आप हॉस्पिटल खोलने की सोच रहे हैं तो आपके लिए सुनहरा मौका है। सीएम रघुवर दास ने घोषणा की है कि इन्वेस्टर्स रूरल एरिया में हॉस्पिटल बनाएंगे तो उन्हें सरकारी जमीन की 75 परसेंट राशि, प्रखंड मुख्यालय में 50 परसेंट व अरबन एरिया में 25 परसेंट राशि माफ कर दी जाएगी। सीएम रघुवर दास गुरुवार को हेल्थ समिट में बोल रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि निवेश सिंगल डोर के माध्यम से किया जाएगा। किसी को प्रॉब्लम होती है तो वो सरकार को बताएं। हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1991 के उदारीकरण के बाद स्वास्थ्य और शिक्षा का बाजारीकरण हुआ है। अगर हमें गरीब और अमीर के बीच की खाई को खत्म करना है तो इन दोनों एरिया में विशेष कार्य करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में ओपीडी सेवा देने में झारखंड को तीसरा स्थान मिला है। 2014 से लगातार राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास हुआ है।

हेल्थ सेक्टर में सुधार

साल 2000 में झारखंड में मातृ मृत्यु दर 400 प्रति लाख थी, जो वर्तमान में घट कर 165 प्रति लाख हुई है। ये परिणाम 2014 से स्वास्थ्य क्षेत्र में किए विकास के कारण मिले हैं। नीति आयोग के राज्य सूचकांक में इंक्रीमेंटल ग्रोथ के लिए झारखंड को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। शिशु मृत्यु दर पहले 72 प्रति हजार थी, जो अब 29 प्रति हजार है। वहीं संस्थागत प्रसव में 13.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पूर्ण टीकाकरण 87 परसेंट पर है। ये तथ्य बताते हैं कि राज्य में स्वास्थ्य की दिशा में सुधार हो रहे हैं।

2.85 लाख को गोल्डन कार्ड का लक्ष्य

सरकार का लक्ष्य है कि 25 अगस्त तक राज्य के दो करोड़ 85 लाख लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड दिया जाएगा। राज्य के 57 लाख परिवारों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। पहले ही 39 लाख 13 हजार परिवारों को गोल्डन कार्ड दिया गया है। इसके लिए 206 करोड़ खर्च किये गये हैं। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ गरीबों तक पहुंचे, इसके लिए जमशेदपुर में 300 बेड के हॉस्पिटल की व्यवस्था की गई है, जिसमें सिर्फ आयुष्मान योजना के तहत इलाज होगा। राज्य के 429 निजी एवं 219 सरकारी हॉस्पिटल योजना के तहत लिस्टेड हैं। 16 अगस्त से प्रज्ञा केंद्रों में बननेवाले गोल्डेन कार्ड में लिये जा रहे शुल्क को भी गरीबों के लिए माफ कर दिया जाएगा। इस राशि का भुगतान सरकार करेगी।

108 एंबुलेंस में डेली 5000 कॉल

108 एम्बुलेंस में हर दिन पांच हजार कॉल आते हैं। ट्राइबल एरिया में यह सुविधा अधिक कारगर है। सीएसआर के माध्यम से भी सरकार सुदूरवर्ती क्षेत्र में बाइक एंबुलेंस की सुविधा दे रही है। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त से प्रत्येक वार्ड में अटल क्लिनिक खोले जायेंगे।

टेली हेल्थ की संभावनाएं

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकार ने 32 लाख परिवारों को जोड़ा है। पिछले दस माह में दो करोड़ 19 लाख मरीजों का इलाज योजना के तहत किया गया। वर्तमान सरकार ने स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की है। निजी हॉस्पिटल के लिए भी इन्वेस्टर्स आगे आएं। वहीं नीति आयोग के डॉ विनोद कुमार पॉल ने कहा कि राज्य में टेली हेल्थ की संभावनाएं है। ब्रॉड बैंड, सैटेलाइट और इसरो से मदद लेकर इस पर काम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहेगी तो आयोग आगे बढ़ेगा। मौके पर सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, रिम्स निदेशक डॉ डीके सिंह, डॉ रवि गुप्ता समेत अन्य मौजूद थे।