- दर्जनों घरों का फ्रीज, टीवी, वािशंग मशीन सहित डेढ़ लाख से अधिक का इलेक्ट्रानिक सामान जला

- सूचना पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम गांव में पहुंची

BADHALGANJ: क्षेत्र के मुजौना गांव में शुक्त्रवार की रात बारह बजे 63 केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक ब्लास्ट कर गया। जिससे दर्जनों घरों में करंट उतर गया। स्वीच बंद करने के चक्कर में आठ लोग झुलस गए। वहीं हजारों के इलेक्ट्रानिक सामान जल कर खाक हो गए। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम शुक्रवार की देर रात को गांव पहुंच गई थी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिजली आते ही हुआ ब्लास्ट

बिजली सप्लाई के लिए गांव में विभाग द्वारा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। शुक्रवार रात बारह बजे जैसे ही बिजली की आपूर्ति हुई अचानक ट्रांसफार्मर ब्लास्ट कर गया। जिससे दर्जनों घरों में करंट उतर गया। इस दौरान स्वीच आफ करने के चक्कर में 45 वर्षीय अजीमुन्निशा पत्‍‌नी उस्मान, 14 वर्षीय शबाना व 10 वर्षीय रियाज पुत्र सलीम, 15 वर्षीय जरीना पुत्री शरीफ, श्रीप्रकाश पुत्र छेदी, बेचनी पत्‍‌नी गुलाब गुप्ता, पूजा शुक्ला पुत्री अनिल शुक्ल व अमन गुप्ता पुत्र रामप्रसाद गुप्त झुलस गए। जिसमें अजीमुन्निशा की हालत गंभीर देख पहले जिला अस्पताल फिर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। जबकि अन्य घायलों का इलाज विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है।

घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान जले

घरों में करंट उतरने से गांव निवासी गंगा प्रसाद का फ्रिज, वाशिंग मशीन, अशोक शुक्ल का फ्रिज व पंखा, बृजनाथ तिवारी का फ्रिज, टीवी व इंवर्टर, गिरजाशंकर का टीवी व पंखा, अशोक शुक्ल का फ्रिज व पंखा सहित अन्य घरों में डेढ़ लाख से अधिक के इलेक्ट्रानिक सामान जल गए।