कानपुर (एजेंसियां)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को गुजरात की राजधानी अहमदाबाद पहुंचे। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने अहमदाबाद में आप प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया। न्यूज एजेंसी एएनआई के ट्वीट के मुताबिक वहीं वरिष्ठ पत्रकार इसुदानभाई गढ़वी सीएम की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। इस दाैरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज गुजरात की जो हालत है वो बीजेपी और कांग्रेस की सरकारों की कारस्तानी है। पिछले 27 साल से गुजरात में एक ही पार्टी की सरकार है। लेकिन पिछले 27 साल इन दोनों पार्टियों की दोस्ती की कहानी है। कहते हैं कि कांग्रेस बीजेपी की जेब में है।


2022 में गुजरात विधानसभा चुनाव में AAP सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस दाैरान यह भी ऐलान किया कि 2022 में गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए पार्टी राज्य में जमीनी स्तर पर तैयारी कर रही है। उन्हें पूरा भराेसा है कि आम आदमी पार्टी जनता के दिलों में उतरेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए नजर गड़ाए हुए है। उन्हाेंने कल रविवार को ही गुजराती में पोस्ट किए गए एक ट्वीट में कहा था कि अब गुजरात बदल जाएगा। कल मैं गुजरात आ रहा हूं और गुजरात के सभी भाई-बहनों से मिलूंगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का यह इस साल दूसरा गुजरात दौरा होगा।


AAP ने 27 सीटें जीतकर गुजरात की राजनीति में गहरी पैठ बनाई थी
आखिरी बार फरवरी में सूरत का दौरा किया था, जब वहां पहली लड़ाई में नगर निकाय चुनाव के बाद पार्टी मुख्य विपक्ष के रूप में उभरी थी। आप ने मुख्य विपक्ष के रूप में उभर रहे 120 सदस्यीय सूरत नगर निगम (एसएमसी) में 27 सीटें जीतकर गुजरात की राजनीति में पैठ बनाई थी। पार्टी ने सभी स्थानीय निकायों-नगर निगमों, नगर पालिकाओं के साथ-साथ जिला और तालुका पंचायतों में भी उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से कई पर जीत हासिल की थी। आप गुजरात में खुद को कांग्रेस के एक मजबूत विकल्प के रूप में पेश करना चाहती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह क्षेत्र में भाजपा को चुनौती देना चाहती है। पार्टी कांग्रेस द्वारा छोड़े गए अंतर को भरने की कोशिश कर रही है।

National News inextlive from India News Desk