JAMSHEDPUR : टेल्को क्षेत्र में रविवार को एक घर में एसी (एयरकंडीशनर) ब्लास्ट हो गया, जिससे एक ही परिवार के छह लोग झुलस गए। इनमें पांच की हालत गंभीर है। घटना अलसुबह तीन बजे की है। इस वक्त परिवार के सभी लोग एसी चलाकर सोए हुए थे। इसी बीच विस्फोट से दोमंजिले घर का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और एसी वाले कमरे में आग लग गई। जबतक गहरी नींद में सोये लोग कुछ समझ पाते, तबतक सभी झुलस चुके थे। कमरे में सोये दो बच्चों और तीन महिलाओं समेत सभी छह लोगों का टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी गड़बड़ी के कारण एसी के कंप्रेशर में विस्फोट हुआ होगा। पुलिस ने कहा है कि जांच में वह विशेषज्ञों की मदद लेगी।

नींद में थे सभी

पड़ोसियों ने बताया कि टाटा मोटर्स से सेवानिवृत्त केदार सिंह अपने पुत्र संजीत सिंह व संजीत के भांजे के परिवार के साथ घर के दूसरे तल्ले पर रहते हैं, जबकि निचले तल पर किराएदार रहते हैं। घर में तीन एसी हैं। इनमें एक स्पि्लट एसी अलसुबह अचानक विस्फोट कर गया। उस वक्त घर के सभी लोग गहरी नींद में सोए थे। घटना में संजीत उसकी पत्‍‌नी खुशबू देवी, बेटी आयुषी (पांच वर्ष), बेटा आर्यन (दो वर्ष), संजीत की मां संजीत के भांजे की पत्‍‌नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। संजीत व उसकी पत्‍‌नी तथा बच्चों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

मच गई अफरातफरी

धमाके की आवाज से आसपास अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को फोन किया, साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पहले सोचा कि एलपीजी सिलेंडर फट गया है, लेकिन बाद में एसी ब्लास्ट होने का पता चला। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई थी, जिसने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं सुबह करीब छह बजे परसुडीह पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के तत्काल बाद जिला परिषद के उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने पीडि़त परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।