बाइक से घर लौट रहे दो युवकों की बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, एक की मौके पर हुई मौत

PRAYAGRAJ: हंडिया-कोखराज हाइवे पर हुए हादसे में आलोक तिवारी (40) व मनुज द्विवेदी (35) की मौत हो गई। दोनों जिगरी दोस्त थे। वे गुरुवार देर रात बाजार से घर लौट रहे थे। पयागीपुर गांव के सामने हाइवे पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। यात्रियों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो आलोक की मौत हो चुकी थी। घायल साथी मनुज को एसआरएन हॉस्पिटल भेजा गया। यहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया।

दोनों थे जिगरी दोस्त

थरवई एरिया के रुदापुर गांव निवासी आलोक पुत्र चन्द्रमणि तिवारी व तारडीह गांव निवासी मनुज वर्ष पुत्र पुरुषोत्तम द्विवेदी जिगरी दोस्त थे। दोनों बाइक से शाम को हंडिया बाजार गए हुए थे। बाजार से वे साथ ही रात करीब साढ़े नौ बजे घर लौट रहे थे। पयागीपुर गांव के पास हाइवे पर तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और आलोक को रौंदते हुए वाहन सहित चालक भाग निकला। उधर, से गुजर रहे एक वाहन के चालक ने इसकी सूचना नवाबगंज हाइवे बने टोल प्लाजा पर दी। वहां से सूचना पुलिस को गई तो वह मौके पर पहुंची। इसके बाद फोर्स के साथ एसओ आशुतोष तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आलोक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल मनुज को एसआरएन हॉस्पिटल भेजा गया। इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव दोनों के घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। आलोक दो भाइयों मे छोटा था। पत्नी विभा देवी, मां दुलारी देवी, पुत्र रजत व यश तिवारी व मनुज की पत्‍‌नी शोभा देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों की आंख से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।