- सर्राफा रेजीडेंसी के छठे मंजिल से गिरकर हुई थी महिला की मौत

- मैनेजर शिवा पर लगाया हत्या का आरोप, गिरफ्तारी की मांग

- बहन ने मैनेजर पर छेड़खानी और हत्या का लगाया आरोप

एक महिला की गिरकर मौत हो गई
Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: सर्राफा रेजीडेंसी के छठे फ्लोर से रहस्यमय हाल में एक महिला की गिरकर मौत हो गई। उसकी बहन ने रेजीडेंसी के मैनेजर पर छेड़खानी और हत्या का आरोप लगाया। मैनेजर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को बेतियाहाता दलित बस्ती के लोगों ने रेजीडेंसी का घेराव भी किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। 27 जून को दिन में करीब 11 बजे राजकुमारी नामक महिला की सर्राफा रेजीडेंसी के छठे फ्लोर से गिरकर मौत हो गई थी। वह चौका बर्तन का काम करने जाती थी। रेजीडेंसी के मैनेजर शिवा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना को दुर्घटना मानते हुए पुलिस जांच कर रही थी। जबकि राजकुमारी के घरवालों ने मैनेजर शिवा पर ही हत्या का आरोप लगाया।

कार्रवाई न होने पर फूटा गुस्सा
कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को बेतियाहाता दलित बस्ती के लोगों ने सर्राफा रेजीडेंसी का घेराव किया। वह मैनेजर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि राजकुमारी की मौत की सूचना पुलिस को दी गई पर उसके घरवालों को नहीं दी गई थी। शव को लावारिस मान कर पुलिस ले गई थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

चार बच्चों की मां थी राजकुमारी
राजकुमारी देवी चार बच्चों की मां थी। एक बेटे की शादी हो गई है। जबकि तीन बच्चे सूरज, लाला व प्रिया नाबालिक हैं। राजकुमारी खुर्रमपुर वार्ड में किराए के मकान में रहती थी। उसके पति बेतियाहाता के एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड हैं।

बहन ने लगाए गंभीर आरोप
राजकुमारी देवी की बहन गीता ने मैनेजर शिवा पर गंभीर आरोप लगाया है। गीता ने कहा कि मौत से एक दिन पहले ही राजकुमारी उनके घर आई थी उसने बताया था कि मैनेजर शिवा छेड़खानी करता है। उसने रेजीडेंसी में आने से मना किया था। उसने धमकी दी थी कि अगर वह दोबारा आई तो उसे जान से मार दूंगा।