HAZIPUR/PATNA:

दबंगों ने पहले लड़की से अभद्रता की। विरोध करने पर पीडि़त परिवार को धमकाने के लिए उसके घर पर चढ़कर फाय¨रग की। इसके बाद जब पीडि़त पक्ष ने एकजुट होकर विरोध किया तो मारपीट करते हुए दबंगों ने उनपर तेजाब फेंककर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इसमें 14 लोग जख्मी हो गए। इनमें अभद्रता की शिकार लड़की समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलसी हैं। घटना वैशाली थाना क्षेत्र के दाउदनगर गांव के मालीटोला की है। झुलसे लोगों को आनन-फानन वैशाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने पांच लोगों की गिरफ्तारी की है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस टीम कैंप कर रही है।

- अब तक की सबसे बड़ा घटना

राज्य में एसिड अटैक की अब तक की सबसे बड़ी घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा है। हाजीपुर सदर के एसडीपीओ राघव दयाल ने सदर अस्पताल पहुंचकर पीडि़तों से घटना की बाबत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- रविवार को हुई थी अभद्रता

जानकारी के अनुसार पीडि़त पक्ष की एक लड़की के साथ रविवार को गांव में अभद्रता की गई थी। इसे लेकर तनाव था। घटना के दिन भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। आरोपितों ने पीडि़तों के घर पर चढ़कर फाय¨रग भी की थी। बुधवार की सुबह छह बजे दाउदनगर गांव के नूनी सिंह की चाय की दुकान से पीडि़त पक्ष के नंदा भगत का बेटा चाय पीकर लौट रहा था। इस दौरान उसके साथ गांव के बालेन्द्र शर्मा और लखिन्द्र शर्मा के परिजनों ने मारपीट की। बात बढ़ गई तो दोनों ओर से लोग जुटे तथा जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान बालेन्द्र शर्मा और लखिन्द्र शर्मा के पक्ष में आए लोगों ने तेजाब से हमला कर दिया। इसमें लड़की पक्ष के 14 लोग जख्मी हो गए।

ये हुए घायल

झुलसे लोगों में अभद्रता की शिकार लड़की के अलावा जयप्रकाश सिंह, चंद्रकला देवी, रविन्द्र भगत, देवेंद्र भगत, गुडि़या देवी, मनोज भगत, अनिल भगत, नवल किशोर सिंह, ¨पटू भगत, अर्जुन कुमार, रौशन कुमार, महेश साह, रामानंद भगत आदि हैं। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि अब सभी खतरे से बाहर हैं।

- हमलावर करते हैं सर्राफा कारोबार

हमला करने वाले सोना-चांदी के कारोबार से जुड़े हुए हैं। आभूषणों को साफ करने एवं गलाने के काम में जिस एसिड का प्रयोग किया जाता है, उससे पीडि़तों पर हमला किया गया। एसिड मुजफ्फरपुर से खरीदकर लाते हैं। मारपीट में हमला करने वाले पांच लोग भी जख्मी हुए हैं जिन्हें वैशाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस सुरक्षा में सभी का इलाज चल रहा है। वैशाली थाने की पुलिस दोनों पक्ष के जख्मी लोगों का बयान लेकर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मामले की जांच कर रही है।

- दोनों पक्षों के आवेदन पर प्राथमिकी

एसिड अटैक की घटना में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए जो आवेदन थाने में दिया गया है उसमें एक पक्ष के नंद किशोर भगत ने कहा है कि मेरा लड़का देवेंद्र भगत सुबह चाय पीकर घर लौट रहा था। इसी बीच बालेंद्र शर्मा, लखिन्द्र शर्मा, सुबोध कुमार, प्रमोद कुमार, अमोद कुमार, दिवाकर कुमार, जुगेश कुमार, अखिलेश कुमार, चंदन कुमार, सुनील कुमार, पंकज कुमार तेजाब लेकर आए और डालने लगे। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। वहीं दूसरे पक्ष से बालेन्द्र शर्मा ने आवेदन में कहा है कि सुबह साढे़ पांच बजे 25 आदमी आए और साइकिल दुकान में लूटपाट करने लगे। लाठी-डंडे एवं रॉड से मारपीट कर घायल कर दिया। जान से मारने की भी धमकी दी। वैशाली थाने के प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।