<

AGRA: AGRA: राष्ट्रीय महत्व के संरक्षित स्मारक के दर्शन के लिए पहुंचने वालों से अवैध तरीके से पार्किग शुल्क के नाम पर धन की वसूली करने वाले भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मचारी के मामले से अब विभाग के सर्किल मुख्यालय को अवगत कराए जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए बस कर्मचारी की ओर से जवाब मिलने का इंतजार किया जा रहा था। शनिवार को आरोपी ने कार्यालय को अपना जवाब दे दिया है।

स्टिंग ने उठाया सच से पर्दा

नेशनल हाइवे नं। टू पर स्थित फेमस स्मारक मरियम टॉम्ब देखने के लिए पहुंचने वाले लोगों के वाहन खड़े कराकर उनसे धन की उगाही की जा रही थी। इस खबर के मिलते ही आई नेक्स्ट ने सच जानने की कोशिश की। इसके लिए एक स्टिंग ऑपरेशन किया गया। इसी स्टिंग के चलते हकीकत सामने आ सकी।

संरक्षण सहायक ने दिया मीमो

आई नेक्स्ट में स्टिंग छपने के बाद इस मामले पर एएसआई के वरिष्ठ संरक्षण सहायक रंजीत सिंह द्वारा संज्ञान लिया गया था। इसके बाद अपने अधीनस्थ कर्मचारी को उसकी करतूत को लेकर बाकायदा मीमो भी दिया गया था। वरिष्ठ संरक्षण सहायक की ओर से दिए गए इस विभागीय मीमो को आरोपी कर्मचारी ने बाकायदा रिसीव भी कर लिया था। मीमो में आरोपी से तीन दिन में जवाब मांगा गया था।

तीसरे दिन दिया जवाब

एएसआई की ओर से विभागीय स्पष्टीकरण मांगने के बाद आरोपी एएसआई कर्मचारी की ओर से जवाब के लिए दिए गए समय के आखिरी दिन की शाम को अकबर टॉम्ब, सिकंदरा स्थित वरिष्ठ संरक्षण सहायक के कार्यालय में जवाब दिया। वरिष्ठ संरक्षण सहायक रंजीत सिंह के अनुसार आरोपी की ओर से जवाब दिए जाने का इंतजार किया जा रहा था। इसके जवाब मिलने के बाद इस पूरे मामले से एएसआई के सर्किल मुख्यालय को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद उसके खिलाफ अग्रिम विभागीय एक्शन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।