<

AGRA: AGRA: अवैध पार्किग के जरिए स्मारक में तैनात भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) कर्मचारी द्वारा पैसे की वसूली के मामले पर विभाग ने संज्ञान ले लिया है। एएसआई के वरिष्ठ संरक्षण सहायक ने कर्मचारी से जवाब-तलब कर लिया है। अब कर्मचारी की ओर से जवाब आने का इंतजार किया जा रहा है।

आई नेक्स्ट ने किया था स्टिंग

राष्ट्रीय महत्व के स्मारक मरियम टॉम्ब में चल रहे खेल की जानकारी आई नेक्स्ट को मिली थी। सूत्र द्वारा आई नेक्स्ट को बताया गया था कि मरियम टॉम्ब में अवैध पार्किग के नाम पर जमकर वसूली की जा रही है। इस खबर के बाद आई नेक्स्ट ने बाकायदा एक स्टिंग ऑपरेशन प्लान किया था। आई नेक्स्ट स्टिंग ऑपरेशन करने में सफल भी हो गया। जिसके जरिए खुलासा किया गया कि एएसआई की ओर से तैनात मॉन्युमेंट अटेंडेंट इस्लाम वाहन को खड़ा करने के बदले पैसे वसूलता है।

पहले से है लिप्त

सूत्र बताते हैं कि यह पहला मौका नहीं है जब अवैध रूप से कमाई करने के मामले में इस्लाम की शिकायत हुई है। इससे पहले भी इसी कर्मचारी को इस तरह की करतूत करते हुए पकड़ा जा चुका है। पूर्व में यह कर्मचारी अकबर टॉम्ब, सिकंदरा में तैनात था। यहां पर भी यह कर्मचारी अपनी जेब भरने का काम करता था। सूत्रों का कहना है कि जब एएसआई की ओर से अकबर टॉम्ब मॉन्युमेंट की पार्किग का ठेका नहीं उठाया गया था, उस समय पार्किग का संचालन खुद एएसआई की ओर से किया जाता है। तब इस कर्मचारी द्वारा एएसआई की पार्किग स्लिप को चार-पांच बार चलाता था। एक बार के पैसे सरकारी खजाने में जाते थे, बाकी तीन-चार बार के पैसे वह अपनी जेब में रखता था। यही नहीं एएसआई के कर्मचारी द्वारा लगभग एक साल पहले महिला टूरिस्ट को परेशान कर चुका है। सूत्र बताते हैं कि इस कर्मचारी पर इंडियन टूरिस्ट ने मॉन्युमेंट विजिट के दौरान उल्टे-सीधे कमेंट्स करते हुए परेशान होने का आरोप लगाया था। परेशान टूरिस्ट ने अपनी शिकायत तत्कालीन संरक्षण सहायक रामरतन से भी की थी।

नहीं हुआ एक्शन तो बढ़े हौसले

अतिथि देवो भव के मंत्र को ठेंगा दिखाते हुए एएसआई कर्मचारी इस्लाम द्वारा मनमर्जी करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। शिकायत भी हुई लेकिन, कुछ नहीं किया गया। विभागीय संचालन वाली पार्किग के नाम पर खेल करता रहा। संबधित जिम्मेदार अधिकारी के संज्ञान में भी सबकुछ आ गया लेकिन, कोई एक्शन नहीं लिया गया। सूत्रों का कहना है कि खेल करने से बाज आने को लेकर पूर्व एक अधिकारी द्वारा इस कर्मचारी से जवाब तलब भी किया जा चुका है। लेकिन, इस विभागीय जांच को माल रोड स्थित अधीक्षण पुरातत्वविद् कार्यालय में अग्रिम कार्यवाही के लिए भेजा ही नहीं गया। इसी का नतीजा रहा कि मरियम टॉम्ब की तैनाती के बाद से इस कर्मचारी ने नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए अवैध तरीके से पार्किग शुल्क वसूलना शुरू कर दिया। सूत्र बताते हैं कि यह खेल पूरा कॉकस मिलकर कर रहा है। इस खेल में उसके अधिकारी का भी हाथ बताया जाता है। उधर, वरिष्ठ संरक्षण सहायक रंजीत सिंह का कहना है कि मामले में कर्मचारी की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर जरूर विभागीय एक्शन होगा।