इलाहाबाद के नोडल अधिकारी ने कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यो की ली समीक्षा

ALLAHABAD: जिले के प्रभारी अधिकारी हिमांशु कुमार ने अपने कार्यस्थल से नदारद रहने वाले डॉक्टर और शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को वह संगम सभागार में कानून व्यवस्था और विकास कार्यो का जायजा ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लगातार निरीक्षण कर डॉक्टरों की हॉस्पिटल्स में उपस्थित की जानकारी प्राप्त की जा रही है। हमारा लक्ष्य हॉस्पिटल और स्कूलों में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराना है।

भूमाफियाओं पर कितनी हुई कार्रवाई

उन्होंने भूमाफियाओं के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर कानूनी कार्रवाही करने के आदेश दिए। कहा कि अवैध कब्जों को मुक्त कराकर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आईजीआरएस में आ रही शिकायतों को सम्बन्धित विभागों के द्वारा समयबद्ध रूप से निस्तारित किये जाने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि आईजीआरएस मे आ रहे नये परिवर्तनों के बारे में विभागों के सम्बन्धित अधिकारियों को एक कार्यशाला आयोजित कर उसकी जानकारी दी गयी है। उन्हें आईजीरआरएस की गंभीरता के बारे में बताया गया है। उन्होने जिला समाज कल्याण अधिकारी से छात्रवृत्ति दिए जाने की प्रगति की जानकारी ली। प्रमुख सचिव ने खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यो की समीक्षा किए जिसमें उन्हें बताया गया कि पात्र लोगों को राशन कार्ड देते उन्हें लाभाविन्त किया जा रहा है। विद्युत विभाग के कार्यो की समीक्षा में प्रमुख सचिव को बताया गया कि ट्रांसफार्मरों को 72 घंटे में बदल दिया जा रहा है। उन्होंने सड़कों पर गढ्डा खोद कर उसे छोड़ दिए जाने पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि गड्ढे को आवश्यक मशीनी उपकरणों के माध्यम से भरा जाए।