-एसएसपी, सीओ ताज सुरक्षा सीआईएसएफ कमांडेंट रहे साथ

- आसपास अवैध कब्जा न होने देने के दिए निर्देश

-ताज के पास नो हॉर्न जोन बनाने के प्रस्ताव पर हुआ विचार

आगरा। एडीजी सुरक्षा दीपेश जुनेजा ने सोमवार को ताजमहल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ताज की सिक्यूरिटी पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में ताज को नो हॉर्न जोन बनाने, इंटरनेट जैमर और ताज के नो ड्रोन जोन प्रचार-प्रसार करने पर चर्चा हुई।

हर छह महीने में होने वाले ताज की सुरक्षा व्यवस्था के निरीक्षण के लिए एडीजी सुरक्षा ने ताजमहल का हर दिशा से निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अवैध निर्माण के प्रति चिंता जताई। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि ताज के पास कोई अवैध निर्माण न हो जाए।

दक्षिणी गेट की सुरक्षा पर जताई चिंता

ताज के दक्षिणी गेट से सटकर कई पुराने निर्माण बने हुए हैं। इन्हें देखकर एडीजी सुरक्षा ने ताज के दक्षिणी गेट की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। इस दौरान एडीजी सुरक्षा ने ताज का आंतरिक और बाहरी निरीक्षण किया। पूरे परिसर सहित उन्होंने मुख्य मकबरे की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।

इन मुददें पर हुई चर्चा

ताज सुरक्षा को लेकर हुई मीटिंग में कई कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें ताज के 500 मीटर के दायरे को नो हॉर्न जोन बनाने पर चर्चा हुई। इसका प्रस्ताव सीओ ताज सुरक्षा मोहसिन खान और एसएसपी बबलू कुमार ने तैयार किया है। ताज के 500 मीटर के दायरे बड़ी संख्या में वाहन आते हैं। इन वाहनों को पास जारी किये गए हैं। इसमें ताजगंज के वाहन भी शामिल हैं। सीओ ताज सुरक्षा ने रिपोर्ट तैयार की है। इसके अनुसार यहां पर हॉर्न बजने से सैलानियों को परेशानी होती है। इस मंडलायुक्त अनिल कुमार ने ट्रैफिक पुलिस को ये जिम्मेदारी पहले से ही दे रखी है। लेकिन अब तक इसे नो हॉर्न जोन घोषित नहीं किया है। इसके अलावा ताज इंटरनेट जैमर को लेकर चर्चा हुई। ताज पर कोई वीआईपी आए उस स्थिति में सुरक्षा की व्यवस्था कैसी हो? इस बात पर चर्चा हुई। ताज पर ड्रोन न उड़े इस बात पर चर्चा हुई।

ताज की टिकट पर लिखा होगा नो ड्रोन जोन

ताज को नो ड्रोन जोन पहले से ही घोषित किया जा चुका है। लेकिन बार-बार टूरिस्ट्स के द्वारा ताज पर ड्रोन उड़ाने के मामले सामने आते रहे हैं। इस बार हर बार कारण एक ही मिला है। ताज को निहारने आए सैलानियों को इस बारे में जानकारी न होना। इसके लिए ताज सुरक्षा द्वारा ताजमहल के आस-पास नो ड्रोन जोन के पोस्टर पहले ही लगा दिये हैं। अब एएसआई से भी कहा जाएगा कि वे ताज की टिकट पर लिखें कि ताज नो ड्रोन एरिया है।

फर्जी गाइड का होगा सफाया

ताज पर फर्जी गाइडों का जमावड़ा भी लगा रहता है। यहां पर एक ही कार्ड पर कई गाइड काम करते हैं। इसकी सूचना पुलिस मिली है। इससे निपटने के लिए एसएसपी ने सुझाव दिया है कि गाइडों के लिए स्मार्ट कार्ड जारी किये जाएं। इन कार्डो में चिप लगी होगी। इससे फर्जी गाइडों का सफाया हो जाएगा।

एडीजी सुरक्षा ने ताज के अंदर और बाहर सुरक्षा का जायजा लिया। इसके बाद इसको लेकर मीटिंग हुई। इसमें ताज को नो हॉर्न जोन बनाने, वीआईपी के आने पर ताज की सिक्यूरिटी, इंटरनेट जैमर जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

-मोहसिन खान, सीओ ताज सुरक्षा