- अपहरणकर्ताओं ने मांगी 50 लाख फिरौती, नुनिहाई में मिली लोकेशन

- सिकंदरा-बोदला रोड स्थित हॉस्पिटल में परिचित को देखने आए थे

आगरा। फिराजाबाद से सिकंदरा आए वकील को किडनैप कर लिया गया। वकील बोदला रोड स्थित हॉस्पिटल में एडमिट परिचित को देखने आए थे। अपहरणकर्ताओं ने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। एसएसपी ने वकील की सकुशल बरामदगी के लिए कई टीमों का गठन किया है। सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।

पत्नी को फोन से दी लौटने की खबर

फीरोजाबाद के मोहल्ला राजपूता थाना दक्षिणी क्षेत्र निवासी अकरम अंसारी पुत्र आरिफ वकील हैं। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे अकरम अपने किसी रिलेटिव को देखने के लिए आगरा आए थे। अकरम सिकंदरा थाना क्षेत्र के बोदला रोड स्थित हॉस्पिटल से परिचित को देखकर वापस घर लौट रहे थे। यह जानकारी अकरम ने ऑटो में सवार होते समय फोन पर अपनी पत्नी को दी। इसके बाद वह देर-शाम तक घर नहीं पहुंचे। मोबाइल पर भी उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनके भाई मुवीन अंसारी ने रिश्तेदारी और आसपास उनकी तलाश की।

कई बिन्दुओं पर चल रही जांच

वकील के घर देररात अज्ञात लोगों ने फिरौती के लिए फोन किया। इसमें अपहरणकर्ताओं ने वकील के अपरहण की पुष्टि करते हुए उनको मुक्त करने के एवज में 50 लाख रुपए की मांग की। घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी गई। एसएसपी बबलू कुमार ने क्राइम ब्रांच सहित सर्विलांस की टीम को एक्टिव कर दिया। वकील अकरम के मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया, जिसमें उसकी लास्ट लोकेशन नुनिहाई क्षेत्र में मिली। पुलिस ने इस संबंध में कई बिन्दुओं पर जांच शुरू कर दी है।

परिवार में दहशत का माहौल

वकील के अचानक गायब होने से परिवार में दहशत का माहौल है। अपहरण की खबर मिलते ही फिरोजाबाद में घर पर संबंधियों और परिचितों की भीड़ जुट गई। पुलिस की टीमें भी लगातार उनके घर पर निगरानी रख रहीं ंहै। लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है।

वर्जन

वकील के अपरहण की खबर मिली है। उसकी लास्ट लोकेशन आगरा में ही मिली है। एसएसपी सर की टीम इस पर कार्य कर रहीें हैं। जल्द ही वकील का अपहरण करने वालों का सुराग लगाया जाएगा। फिलहाल सिकंदरा थाना क्षेत्र के तिराहे पर सीसीटीवी और हॉिस्पटल्स के कैमरों को खंगालने का कार्य किया जा रहा है।

सौरभ दीक्षित, एएसपी