पब्लिक ने भनक लगने पर घेर लिया तो तांत्रिक के साथ भाग निकला पिता

बेटे को पब्लिक ने जमकर पीटने के बाद किया पुलिस के हवाले

ALLAHABAD: चंदन-टीका हो चुका था। माला भी चढ़ा दी गयी थी। बलि से पहले किशोर को बेहोश करने के लिए सिरिंज में इंजेक्शन भरा जा रहा था। यह देखकर किशोर को शक हो गया और वह दरवाजा तोड़कर भाग निकला। इसके बाद बारी थी पब्लिक की। पब्लिक ने बलि की तैयारी करने वाले के घर धावा बोल दिया। मिशन फेल होने पर तांत्रिक और आयोजक भाग निकले। फंस गया आयोजक का बेटा। पब्लिक ने उसे पकड़कर जमकर पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर भी दे दी गयी है।

करोड़पति बनाने का दिया था लालच

मामला सोरांव थाना क्षेत्र के उसरही गांव का है। यहां के रहने वाले ऊदल पटेल ने बुधवार को अपने घर में एक गढ्डा खोदवा रखा था। तांत्रिक को भी बुलाया गया था। लाल कपड़ा, माला-फूल, मटकी आदि भी जुटाया गया था। मौके के साक्ष्य गवाही दे रहे थे कि मामला तंत्र-मंत्र से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि ऊदल गांव के रहने वाले विजय बहादुर पटेल के बेटे 15 साल के मुन्नू को बहाला-फुसलाकर अपने घर के भीतर बुलाया। उसे करोड़पति बनाने का सपना दिखाया और बताया कि कुछ तंत्र मंत्र करना होगा। मुन्नू उनकी बातों में आ गया तो उन्होंने कपड़े उतरवा दिये। इसके बाद उसका चंदन-टीका हुआ और माला पहनायी गयी। इसी दौरान उसकी नजर खोदे गये गड्ढे पर पड़ गयी तो माथा ठनका।

सिरिंज भरते देखकर हुआ एलर्ट

इसके बाद मुन्नू ने सिरिंज में कुछ भरते हुए देखा तो उसे शक हो गया। उसने पाटी जाने को कहा तो यह कहते हुए मना कर दिया गया कि वहां से हटने पर वह कभी करोड़पति नहीं बन पायेगा। इसके बाद मुन्नू वहां से भागा और दरवाजा तोड़कर बाहर आ गया। उसने शोर मचाकर लोगों को बताया तो पब्लिक तैश में आ गयी। पब्लिक ने ऊदल के घर धावा बोल दिया। इसकी सूचना मिलने पर डॉयल 100 की टीम स्पॉट पर पहुंची और ऊदल के बेटे को अपने कब्जे में लेकर सोरांव थाने पहुंचाया। समाचार लिखे जाने के समय रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर थाने में दी जा चुकी थी।