-कत्ल के मुख्य आरोपित नौशाद ने 2006 में बिरजू को बेरहमी से पीटा था

PRAYAGRAJ: करेली के बक्सीमोढ़ा रविवार को हुए कत्ल की चिंगारी वर्षो से सुलग रही थी। प्रकरण बेहद गंभीर और हालात नाजुक होने के बावजूद करेली पुलिस सतर्क नहीं थी। लौटन निषाद को गोली मारने के मुख्य आरोपित नौशाद और बिरजू के बीच विवाद कोई नया नहीं है। कुछ साल पहले नौशाद से हुए विवाद का प्रकरण रविवार को ताजा हो गया। प्रधान पद पर एक मर्तबा मिली जीत के बाद से आरोपित नौशाद के हौसले काफी बुलंद हो गए थे।

नौशाद के घर में दो बार थी प्रधानी

मौत के घाट उतारे गए लौटन निषाद के बड़े भाई बिरजू और नौशाद के बीच रंजिश कोई नई नहीं है। यह बात दीगर है यह रंजिश को खून में बदलने का मामला रविवार को हुआ। बिरजू के मुताबिक 2000 से 2005 तक प्रधान उसके परिवार के रिश्ते में बाबा लगने वाले देशराज अकेला थे। इसके बाद प्रधान पद की कुर्सी नौशाद के घर चली गई। यह कुर्सी नौशाद के घर दो पंचवर्षीय रही। दो बार प्रधान पद पर मिली जीत के बाद नौशाद का रौब काफी बढ़ गया। मौजूदा प्रधान मुबारक ने नौशाद को मात दे दी। बिरजू ने मुबारक का सपोर्ट भी किया था। इसके पास एक नाली बंदूक का लाइसेंस है। आरोप है कि नौशाद उससे अक्सर कारतूस मांगा करता था। नौशाद के घर में भी लाइसेंसी असलहे हैं। बिरजू अपनी बंदूक के दम पर एक सिक्योरिटी सर्विस में गनमैन की नौकरी के साथ समय मिलने पर मेहनत मजदूरी भी किया करता है। बताया कि कारतूस न देने पर नौशाद ने 2006 में उसकी जमकर पिटाई की थी।

ढूंढ रहा था मौका

लौटन की हत्या के बाद माना जा रहा है कि नौशाद खेमा माकूल वक्त की ताक था। रविवार को शायद उसे वक्त और कारण दोनों माकूल लगा और वारदात को अंजाम दे बैठा। खैर बिरजू की बात में कितना दम है यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। बताते हैं कि नौशाद के परिवार में ही जाकिर अली के नाम से मौजूदा समय में कंट्रोल की दुकान है।

लौटन फेमिली को मिलेंगे पांच लाख

करेली के बक्सीमोढ़ा में मौत के घाट उतारे गए लौटन निषाद की फेमिली को पांच लाख रुपए मिलेंगे। परिवार से यह वादा पुलिस अफसरों ने किया है। बताया गया कि यह रकम किसान बीमा योजना से दी जाएगी। हालांकि इस योजना के तहत दी जाने वाली राहत की प्रोसिडिंग में महीना पंद्रह दिन के वक्त लग सकते हैं। किए गए वादे के मुताबिक यदि यह रकम मिल गई तो उसके तीनों बच्चों व परिवार के लिए बड़ी राहत के रूप में साबित होगी।

मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य होंगे सब सामने आ जाएंगे। मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये दिए जाने का वादा किया गया है।

-बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी