-पत्नी की पिटाई करने के बाद विजय ने फांसी लगाकर दी जान

-एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती घायल नीलम की हालत खतरे से बाहर

ALLAHABAD: पहले पत्नी की पिटाई करके घायल कर दिया। जब पत्नी मरणासन्न अवस्था में जमीन पर गिर पड़ी तो खुद सुसाइड कर लिया। सुबह परिजनों की नींद खुली तो दोनों की स्थिति देख कोहराम मच गया। खबर पाते ही पहुंची दारागंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। जबकि घायल महिला को इलाज के लिए एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के बाद महिला की हालत खतरे से बाहर बताई गई।

दारागंज एरिया में हुई घटना

दारागंज थाना क्षेत्र के मूरी मोहल्ला निवासी विजय कुमार पुत्र बुद्धू यादव घर-घर दूध सप्लाई करता था। बुधवार रात परिवार में माहौल सामान्य था। खाना खाने के बाद सभी अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। विजय भी पत्नी नीलम, बेटे विनय और विवेक को लेकर घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में चला गया। आधी रात को किसी बात को लेकर विजय और उसकी पत्नी नीलम के बीच झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में विजय ने नीलम की पिटाई कर दी। पिटाई से नीलम घायल हो कर जमीन पर गिर पड़ी। बताते हैं कि इसके बाद विजय ने नायलॉन की रस्सी से पंखे के सहारे खुद को फांसी लगा ली।

हालत देख बच्चे लगे रोने

विजय के जीजा नरेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह मम्मी व पापा की स्थिति देख बच्चों ने रोना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो विजय फांसी के फंदे से लटक रहा था। जबकि उसकी पत्नी जमीन पर कराह रही थी। देखते ही देखते उसके घर पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने सूचना पुलिस को दी। जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने विजय के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। जबकि नीलम को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया। इलाज के बाद नीलम की हालत ठीक बताई जा रही है। विजय की मां पार्वती देवी का कहना था कि बेटे और बहू में काफी प्रेम था। पूरा परिवार हंसी-खुशी रहता था। रात में न जाने क्या बात हुई कि यह घटना हो गई।