-राज्य परिषद की आज होने वाली बैठक में होगी विधिवत घोषणा

PATNA: बशिष्ठ नारायण सिंह गुरुवार को तीसरी बार प्रदेश जदयू के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने 11 सेट में अपना नामांकन पत्र पार्टी के निर्वाचन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार के समक्ष भरा। उनके नाम का प्रस्ताव पार्टी के 11 नेताओं ने किया। अध्यक्ष पद पर उनके निर्विरोध निर्वाचन का एलान शुक्रवार को राज्य परिषद की बैठक में किया जाएगा। उसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे।

2010 से हैं जदयू के प्रदेश अध्यक्ष

मालूम हो कि 71 वर्षीय वशिष्ठ नारायण सिंह 30 नवंबर 2010 से ही जदयू के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह जदयू के राज्यसभा सदस्य हैं। जदयू प्रदेश कार्यालय में बशिष्ठ नारायण सिंह ने सुबह 11 बजे अपना पर्चा दाखिल किया। उनके नाम के प्रस्तावकों में ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राज्य सभा सदस्य व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) रामचंद्र प्रसाद सिंह, उद्योग मंत्री श्याम रजक, चंदन कुमार सिंह, औरंगाबाद के जिलाध्यक्ष धर्मेद्र सिंह, विनोद कुमार राय, आनंद किशोर सिंह, किरण रंजन, पटना ग्रामीण के जिलाध्यक्ष अरुण मांझी और सारण के जिलाध्यक्ष अल्ताफ आलम शामिल थे।

किसी दूसरे ने नहीं भरा पर्चा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दिन के एक बजे तक पर्चा दाखिल किया जाना था और शाम पांच बजे तक पर्चा वापस लिया जाना था। बशिष्ठ नारायण सिंह को छोड़कर किसी और ने पर्चा दाखिल नहीं किया। ऐसे में वे निर्विरोध जदयू के प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए गए। पर्चा दाखिल किए जाने के मौके पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जयकुमार सिंह, विधि मंत्री नरेंद्र नारायण यादव, सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह भी मौजूद थे।