आगरा। द ग्रेट खली ने शनिवार को आगरा शहर का भ्रमण किया। आगरा को दुनिया का खूबसूरत शहर बताया। जल्द ही आगरा और मथुरा में डब्लूडब्लूएफ की एकेडमी खोलने की बात कही।

दुनिया के प्रसिद्ध पेशेवर पहलवान द ग्रेट खली शनिवार को शहर में सेंट पीटर्स कॉलेज के वार्षिक खेल आयोजन में शिरकत करने आए थे। अयोध्या मामले के फैसले के चलते कार्यक्रम तो रद हो गया। लेकिन देर शाम खली ने सेंट पीटर्स कॉलेज का दौरा किया। कॉलेज के प्राचार्य फादर एंड्रू कोरिया व अन्य शिक्षकों से मुलाकात की। खली ने बताया कि आगरा शहर उन्हें बहुत खूबसूरत लगा। यहां एकेडमी खोली जाए तो डब्लूडब्लूएफ की प्रतिभाओं को निखारा जा सकता है। खली ने कहा कि ऐसी बात नहीं है कि हमारे देश में अच्छे डब्लूडब्लूएफ खिलाड़ी तैयार नहीं किए जा सकते। इस मिथक को तोड़ने के लिए उन्होंने एकेडमी खोली है। हॉल ही में कविता देवी को प्रशिक्षण देकर डब्लूडब्लूएफ के लिए चयनित कराया है। जगह मिलने पर आगरा और मथुरा में भी एकेडमी खोलेंगे। आगरा में जल्द ही डब्लूडब्लूएफ की फाइट कराने का प्लान बना रहे हैं। इसके लिए आगरा के अमित तिवारी से बात चल रही है।