agra@inext.co.in
AGRA
: न्यू आगरा क्षेत्र में गैंगरेप जैसी सनसनीखेज वारदात ने हर किसी के होश उड़ा दिए। पुलिस भी तुरंत एक्शन में आ गई। पूरी रात दयालबाग क्षेत्र में पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी रही। यही वजह रही कि 24 घंटे के भीतर पुलिस ने गैंगरेप के दो आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों को उनके घर से उठा लिया। दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। चारों आरोपी बहादुरपुर गांव के हैं। पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश कर रही है।

पुलिस ने गांव में की पूछताछपोइया घाट पर गैंगरेप की घटना ने महकमे में अफरा-तफरी मचा दी थी। पुलिस ने रात में ही मामले में सुराग जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस दयालबाग क्षेत्र के उस स्थान पर पहुंच गई जहां पर घटना हुई। पास में शहर के दो प्रमुख स्कूल हैं। एक स्कूल के पीछे की तरफ यह घटना हुई थी। वहां पर आस पास आने वाले लोगों से बात की।

कई लोगों को पुलिस ने उठाया
बुधवार की रात को पुलिस को पता चला कि घटना के तार बहादुरपुर गांव से जुड़े हुए हैं। रात में ही पुलिस ने कई संदिग्धों को उठा लिया। इसी बीच मुख्य आरोपियों की जानकारी भी हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को उनके घरों से उठा लिया, जबकि दो मौके से फरार हो गए। युवकों को पकड़ते ही मामला गांव में चर्चा का विषय बना गया।

इन लोगों को पुलिस ने पकड़ा
एसएसपी अमित पाठक ने बुधवार को थाना न्यू आगरा में प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया। पकड़े गए आरोपियों के नाम रोहित उर्फ रोहतन पुत्र पीतम सिंह निवासी बहादुरपुर, कन्हैया लाल पुत्र महेंद्र सिंह निवासी बहादुरपुर बताए गए हैं। फरार आरोपियों में मुकेश पुत्र पोप सिंह, खिन्नी पुत्र महेश निवासीगण बहादुर पुर हैं। कन्हैया ने दसवीं तक की पढ़ाई की है जबकि अन्य अशिक्षित हैं।

गैंग रेप से कर रहे इनकार
पकड़े गए दोनों आरोपी अलग-अलग बात कर रहे हैं। एक का कहना था कि वह वहां पर काम से लौट कर घूमने गया था। वहां पर लड़का-लड़की कुछ हरकत कर रहे थे। उनको पकड़ लिया। फरार आरोपियों ने उनसे मोबाइल और रुपये लिए थे। दूसरे आरोपी का कहना था कि अन्य दो युवकों ने उसके साथ गलत काम किया। लड़की के साथ मारपीट भी की। इसमें कितना सच और कितना झूठ है, इसकी जांच पुलिस कर रही है।