-मुख्य सचिव ने दिया आगरा के कमिश्नर और डीएम को आदेश

-जनपद में लागू हुई धारा 144, उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

आगरा: कोरोनावायरस अलर्ट के बीच अभियान चलाकर आगरा को सैनिटाइज्ड किया जाएगा। आगरा के अलावा प्रदेश के लखनऊ, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, कानपुर और मुरादाबाद को भी सैनिटाइज्ड करने के आदेश मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने दिए। शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने तैयारियों को पूरा कर लिया है। वहीं जनपद में डीएम प्रभु एन सिंह ने शनिवार से 30 अप्रैल तक धारा 144 लागू कर दिया है।

शहर होगा सैनिटाइज्ड

कोरोनावायरस से बचाव और रोकथाम के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अब तक यूपी में सर्वाधिक 8 कोरोना पॉजिटिव आगरा में मिले हैं। जिसके बाद आगरा कोरोनावायरस को लेकर हाईअलर्ट पर है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महामारी की स्थिति को कंट्रोल करने के लिए लखनऊ में अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसके बाद आगरा समेत प्रदेश के हाइली सेंसिटिव शहरों को सैनिटाइज्ड करने का आदेश सीएम ने जारी किया। सीएम के आदेश के बाद आनन-फानन में कमिश्नर अनिल कुमार और डीएम प्रभु एन सिंह के निर्देश पर शहर को सैनिटाइज्ड करने की कार्ययोजना तैयार की गई। विभिन्न विभागों को अभियान चलाकर शहर का हर कोना, हर गली, हर मोहल्ला, हर इमारत सैनिटाइज्ड करने के आदेश दिए हैं।

मॉस कंट्रोल प्लान लागू

शुक्रवार रात 12 बजे से शासन के निर्देश पर आगरा में धारा 144 को लागू कर दिया गया है। ताजनगरी में स्थिति सामान्य न होने तक एक स्थान पर 10 से अधिक लोगों को नहीं जुटने दिया जाएगा। शासन के निर्देश पर आगरा में मॉस कंट्रोल प्लान लागू कर दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर पुलिसबल के सहयोग के निर्देश भी शासन ने दिए हैं। आने वाले दिनों त्योहारों के मद्देनजर भी लोगों से सोशल डिस्टेंस की अपील करते हुए कहा गया है कि वे घरों में रहकर ही पूजा-पाठ करें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर न जाएं और न ही भीड़ का हिस्सा बनें।

आज तैनात रहेगी पुलिस

मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि रविवार को जनता कफ्यू के दौरान पुलिस की मोबाइल गाडियां सड़कों पर तैनात रहेंगी। शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, नगर निकायों, चिकित्सा विभाग, पंचायती राज विभाग और नगर विकास विभाग अलर्ट रहेगा। ये विभाग दिनभर सैनिटाइजेशन, सफाई और फागिंग करेंगे। एडीएम सिटी डॉ। प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि जनता कफ्यू के दौरान आवश्यक सेवाएं बहाल रहेंगी। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी आम जनता की सेवा के लिए सड़क पर रहेंगे।

---

यह होगी प्लानिंग

-स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर जनपद के सभी सरकारी और गैर सरकारी हॉस्पिटल को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है। प्राइवेट अस्पतालों की निगरानी होगी।

-नगर निगम शहर के प्रमुख पार्को, चौराहों, सड़क किनारों पर रेलिंग, सेंट्रल वर्ज, सरकारी इमारतों को सैनिटाइज्ड किया जाएगा।

-विकास प्राधिकरण आवासीय कॉलोनियों में अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों को सैनिटइज्ड किया जाएगा।

-सभी सरकारी विभाग अपनी इमारतों को अपने-अपने संशाधनों से सैनिटाइज्ड करेंगे। वहीं प्राइवेट बिल्डिंग्स के लिए भी ऐसे ही निर्देश हैं।

-विभागों को रोजाना किए जा रहे सैनिटाइजेशन के कार्यो का ब्योरा देना होगा।

---

सरकार के आदेश पर आगरा को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है। हालांकि यह अभियान आगरा में 1 मार्च से चल रहा है। सभी विभागों की एक ज्वाइंट टीम बनाई गई है जो सैनिटाइजेश अभियान को संचालित करेगी। आगरा में धारा 144 लागू है जो 30 अप्रैल तक रहेगी।

-डॉ। प्रभाकांत अवस्थी, एडीएम सिटी, आगरा