- पूर्व नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने फर्जीवाड़े का लगाया आरोप

- कंपनी का अनुबंध हुआ खत्म फिर भी हो रहा पेमेंट

Meerut। नगर निगम को आउटसोर्सिग पर सफाई कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली कंपनी अलकनंदा कंपनी की जांच काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। वहीं दूसरी तरफ पूर्व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ। प्रेम सिंह ने कंपनी का अनुबंध खत्म होने की बात कहकर एक और मामले का तूल दे दी है। डॉ। प्रेम सिंह का कहना है कि अक्टूबर में कंपनी अनुबंध खत्म हो गया है। अब फर्जी तरीके से पेमेंट किया जा रहा है।

यह था मामला

एक माह पहले एक आरटीआई एक्टिविस्ट ने लेबर डिपार्टमेंट में अलकनंदा का रजिस्ट्रेशन होने की जानकारी मांगी थी। जानकारी में लेबर डिपार्टमेंट ने अलकनंदा कंपनी का रजिस्ट्रेशन न होने की बात कही थी। इस पर नगर आयुक्त से शिकायत की थी। नगर आयुक्त ने इस मामले पर जांच बैठाते हुए 15 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। लेकिन एक माह बीतने के बाद भी जांच अभी तक पूरी नहीं हुई है। फिलहाल अपर नगर आयुक्त में 11 जनवरी को एक बैठक बुलाई है।

जांच चल रही है। पूरे कागज देखने के बाद ही रिपोर्ट दी जाएगी। दोनों पक्षों से बात कर और उनके तथ्य देखे जा रहे हैं। किस आधार पर कंपनी का अनुबंध हुआ है और किस आधार पर पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी आरोप लगा रहे हैं।

रामभरत तिवारी अपर नगर आयुक्त

अपर नगर आयुक्त इस मामले की जांच कर रहे हैं। उनको जल्द से जल्द इसकी रिपोर्ट देने के लिए कहा है। पूर्व नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जो शिकायत की गई है। इसकी भी जांच कराई जाएगी। नगर निगम में किसी प्रकार की अनियमितता बरती नहीं जाएगी।

डीकेएस कुशवाहा नगर आयुक्त