-मूर्ति विसर्जन की तैयारी में जुटा रहा एडमिनिस्ट्रेशन

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: इस नवरात्र हाथी पर सवार होकर आई मां दुर्गा घोड़े पर सवार होकर जाएंगी। दुर्गा पूजा पंडालों में पूजन-अर्चन के बाद मंगलवार को मां दुर्गा को विदाई दी जाएगी। इस बार दुर्गा प्रतिमाएं अंदावा में बनाए जा रहे विशेष तालाब में विसर्जित की जाएंगी।

नहीं है दूसरा ऑप्शन

विसर्जन स्थल शहर से करीब 10 से 15 किमी दूर होने के चलते पूजा कमेटियों के बीच विरोध भी है। लेकिन अब दूसरा कोई ऑप्शन न होने के चलते सभी मजबूर हैं। इलाहाबाद दुर्गा पूजा समिति के उपाध्यक्ष एडवोकेट विजय चंद्र उपाध्याय की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रतिमा विसर्जन के लिए अंदावा स्थित तालाब को निर्धारित करना लोगों की भावनाओं के विपरीत है। यहां महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग नहीं पहुंच पाएंगे। जबकि एडीएम सिटी की मीटिंग में फाफामऊ, झूंसी, अरैल व गुडि़या तालाब पर विसर्जन कराए जाने का सुझाव दिया गया था। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट का भी आदेश है कि विसर्जन स्थल धार्मिक भावनाओं के अनुकूल हो।

तैयारी में लगे रहे अधिकारी

वहीं एडमिनिस्ट्रेशन अंदावा में निर्धारित दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन स्थल पर तैयारी में जुटा रहा। पीडब्लूडी, नगर निगम, सिंचाई विभाग, विद्युत, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तैयारी में लगे रहे। दिनेश त्रिपाठी एसडीओ बाढ़ कार्य खंड प्रयागराज ने बताया कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन लिए तीन जेडी बनाए गए हैं। तालाब के चारों ओर बैरीकेडिंग की गई है और यहां लाइट वगैरह का इंतजाम किया गया है।