-पब्लिक की डिमांड, जहां फेंका जा रहा कचरा वहां रखा जाए डस्टबिन

-फोटो भेज दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट को बताई अपनी समस्या

PRAYAGRAJ: कहने को तो शहर को स्मार्ट सिटी बनाया जा रहा है। लेकिन यहां पर कचरा डंपिंग की व्यवस्था इतनी लचर है कि जिसका कोई हिसाब नहीं। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के कैंपेन 'बिन में फेंक' के दौरान पब्लिक ने जबर्दस्त ढंग से रिस्पांस किया है। लोगों का कहना है कि शहर में कचरा फेंकने के लिए सही ढंग से इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोग दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट को वॉट्सअप करके अपने एरियाज की फोटो भेज रहे हैं। इन फोटोज में साफ दिखाई दे रहा है कि यहां पर कचरा फेंकने का इंतजाम नहीं है। जहां कचरा फेंकने का इंतजाम किया भी गया है, वहां से टाइमली कचरा नहीं उठता है। नतीजा, गली-मोहल्लों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

जवाब नहीं दे पा रहे हैं अधिकारी

शहर में ध्वस्त सफाई व्यवस्था को लेकर दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट ने नगर निगम अधिकारियों से सवाल पूछा था। कुंभ मेले के दौरान शहर में कितने डस्टबिन लगाए गए? कितने बचे हैं और सफाई व्यवस्था के लिए कितने डस्टबिन लगाए जाने हैं? इन सवालों का जवाब दैनिक जागरण आई नेक्स्ट द्वारा पिछले चार दिन से नगर निगम के पर्यावरण अभियंता उत्तम कुमार से मांगा जा रहा है। लेकिन वह अभी तक इसका जवाब नहीं दे सके हैं।

लोगों की शिकायतें

शिकायत नंबर-1

रोजाना क्यों नहीं उठाते हैं कचरा

स्मार्ट सिटी प्रयागराज में बेहतर सफाई व्यवस्था और चमकती सड़कें केवल वीआईपी एरियाज में ही दिखाई देती हैं। वार्डो के अंदर जाने पर हकीकत आपके सामने आ जाएगी। यहां अधिकारियों की नजर नहीं पड़ती है। बेली रोड, न्यू कटरा स्थित नगर महापालिका, चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल के आस-पास के एरियाज में हमेशा गंदगी बिखरी रहती है। यहां सप्ताह में बमुश्किल दो-तीन बार ही झाड़ू लगता है और कचरा उठता है। डीपी बिन्स यहां रखा गया है, लेकिन कई-कई दिनों तक उसमें कचरा भरा रहता है। इसमें गाय-भैंस मुंह मारकर कचरे को बाहर गिरा देते हैं।

-उपहार जायसवाल

बेली रोड

शिकायत नंबर-2

लाउदर रोड के टीचर कॉलोनी में फैला रहता है कचरा

मेरा घर लाउदर रोड पर कुलभाष्कर आश्रम कैंपस व डॉ। राजेंद्र प्रसाद ब्वॉयज हॉस्टल के पीछे स्थित टीचर्स कॉलोनी में है। यहां सफाई व्यवस्था की हालत बहुत खराब है। लोग मेरे घर के सामने ही कचरा फेंक देते हैं। इससे हम लोगों को काफी मुश्किल होती है। कई-कई दिन तक कचरा पड़ा रहता है और बीमारी का डर सताता रहता है। अगर यहां एक डस्टबिन लग जाए और हर रोज कचरा उठने लगे तो सारी समस्या ही दूर हो जाए।

-निखिल जायसवाल

लाउदर रोड

कम्प्लेन-3

गली में रख दी जाए डस्टबिन तो गंदगी हो दूर

सफाई व्यवस्था के मामले में पुराने शहर की हालत आज भी सबसे ज्यादा खराब है। जबकि वर्तमान मेयर पुराने शहर में ही रहती हैं। कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी भी इसी एरिया में रहते हैं। नगर निगम के गऊघाट स्थित मुट्ठीगंज स्थित जोन ऑफिस के सामने वाली गली में मेरा घर है। यहां सुबह हो या फिर शाम कचरे का ढेर लगा रहता है। आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। मोहल्ले के लोग गली में कचरा फेंक देते हैं। यहां पर अगर डस्टबिन लग जाए तो समस्या दूर हो जाए।

-शैलेश जायसवाल

गऊघाट