कानपुर। हाल के दिनों अरब सागर में लो प्रेशर की वजह से लुबान नाम का एक चक्रवात बना हुआ है। लुबान की स्थिति इन दिनों पश्चिम-उत्तर पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम में है। ऑल इंडिया वेदर वार्निंग बुलेटिन के मुताबिक बीते दो दिनों में इसकी रफ्तार कम हुई है लेकिन एक बार फिर आने वाले 12  घंटों में चक्रवात गंभीर रूप ले सकता है। इससे तेज गति से तूफान आ सकता है। वहीं भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के वैज्ञानिकों की मानें लुबान चक्रवात आने वाले दिनों में पश्चिम-उत्तर पश्चिम से आगे बढ़ेगा। अगले 5 दिनों में यह ओमान और यमन के तट की ओर बढ़ सकता है।

जारी हुई मछुआरों को चेतावनी
वहीं बंगाल की खाड़ी में भी इन दिनों दबाव काफी ज्यादा बना है। ऐसे में मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि आने वाले करीब 6 घंटों में चक्रवात की गति काफी तेज होगी। इसके बाद अगले 12 घंटों में इसका गंभीर और व्यापक असर हो सकता है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका है। इस दौरान हवाएं 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। हालांकि जब ये चक्रवात 11 अक्टूबर की सुबह तक ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके तक पहुंचेगा तब तक इन हवाओं की गति 75  किलोमीटर प्रति घंटे ही रह जाएगी। इससे गोपालपुर और कलिंगपत्तनम और आसपास के इलाके चपेट में आ सकते हैं। इस दौरान मछुआरों को अगले 3 से 5 दिनों के बीच बंगाल और अरब की खाड़ी की ओर न जाने की सलाह दी गई है।

देश में बारिश और तापमान का हाल
वहीं एक दिन पहले के मौसम पर नजर डालें तो कल केरल, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु और पुडुचेरी में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई। वहीं जम्मू व कश्मीर, लक्षद्वीप,  तटीय कर्नाटक में कई स्थानों पर, अरुणाचल प्रदेश , असम और मेघालय; उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, कोंकण और गोवा, आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में कई स्थानों पर भी हल्की गरज के साथ बारिश हुई। इसके अलावा एक दिन पहले का तापमान देखें तो कल सबसे ज्यादा गर्म पश्चिम राजस्थान का बाड़मेर रहा। यहां सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सबसे ज्यादा ठंडा और सुहाना तमिलनाडु का कुन्नूर रहा। यहां सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम : कमजोर पड़ा बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात, इन इलाकों को मिली भारी बारिश से राहत

केरल में आज बारिश तो इन इलाकों में चक्रवात की आशंका, जारी हुआ अलर्ट

National News inextlive from India News Desk