कानपुर। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक, पश्चिमी हिमालय के जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश तथा बर्फबारी के आसार अगले 48 घंटों तक बने हुए हैं। अगले दो दिनों में समुद्र की ओर से आने वाली नमी भरी तेज हवाओं के कारण तमिलनाडु, पुदुचेरी, केरल, लक्षद्वीप और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों या राज्य में कहीं-कहीं बारिश की आशंका बनी हुई है। सोमवार की सुबह 8.30 बजे हिमाचल प्रदेश, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु एवं पुदुचेरी में कोहरा छाया रहा। पंजाब के लुधियाना में कोहरे के कारण विजिबिलिटी 200 मीटर तक थी जबकि सुंदर नगर, लखनऊ, फुर्सतगंज और मजबत में विजिबिलिटी 500 मीटर तक थी।

अगले तीन दिनों में 4 डिग्री तक कम होगा तापमान
भारतीय मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले दो से तीन दिनों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है। इससे आने वाले महीने की शुरुआत में ही पश्चिमोत्तर भारत में ठंड बढ़ सकती है। तापमान में अचानक कमी आने से मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। यह सिलसिला 28 नवंबर तक चलेगा। दिसंबर महीने की शुरुअता में दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में जगह-जगह भारी बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के अनुसार, हिमालीय क्षेत्रों में ऊंचाई पर बारिश या बर्फबारी की आशंका अभी बनी हुई है। शेष भारत के इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

National News inextlive from India News Desk