सुबह मरे थे नाना, दोपहर बाद नाती-प्रेमिका के साथ कटा, परिवार में कोहराम

prayagraj@inext.co.in

पूरी कहानी क्या थी यह तो वक्त के साथ सामने आएगी। सच तो यही है बेटा न होने पर नाना ने जिस नाती को वारिश बनाया उसने नाना की ट्रेन से कटकर मौत होने की सूचना पर खुद भी ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। दोनों घटनाएं 12 घंटे के भीतर होने से कोहराम मच गया। युवक के बगल में एक महिला की भी बॉडी पायी गयी। संभावना जतायी जा रही है कि युवक और महिला के बीच संबंध था और दोनों ने खुद ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी है। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बेटा नहीं हुआ तो नाती को लिया गोद

यह सनसनीखेज घटना बारा एरिया में गुरुवार को सुबह से लेकर शाम के बीच में सामने आयी हैं। मृतकों का नाम 60 वर्षीय लालजी और उनका 30 वर्षीय नाती अरविंद कुमार था। अरविंद की बॉडी के बगल में एक महिला की बॉडी भी पड़ी थी। दोनों की बॉडी इलाहाबाद-मुंबई ट्रैक पर मरदहा और घुरमी रेलवे फाटक के बीच पायी थी। अरविंद की पत्‍‌नी किरन के अनुसार नाना श्वसुर गुरुवार की भोर में खेत की रखवाली के लिए निकले थे। इसके बाद वे घर नहीं लौटे। गांव वालों ने पता चला कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी जान चली गयी है। सुबह-सुबह आयी इस सूचना से वह उबर भी नहीं पायी थी कि दोपहर बाद सूचना आ गयी कि पति अरविंद ने भी ट्रेन से कटकर जान दे दी है।

अनाथ हो गये अरविंद के बच्चे

मृतक 30 वर्षीय अरविंद कुमार, लालजी का नाती था। बेटा न होने से लालजी ने अरविंद को गोद लिया था। अरविंद की शादी लोहगरा के रहने वाले महेश की बेटी किरने से हुई थी। इस रिश्ते से अरविंद के दो बेटे हैं। अरविंद यहां कोई काम नहीं करता था। इसे लेकर लोगों के ताने सुनने को मिलते थे तो वह खीरी एरिया के बजहिया चला गया। करीब दो महीने पहले तक वह वहीं रहा और मजदूरी करता था। यहीं उसका एक युवती से संबंध बन गया और दोनो पति-पत्‍‌नी की तरह रहने लगे। गांव के लोग बताते हैं कि करीब एक महीना पूर्व अरविंद अपनी प्रेमिका को लेकर गुजरात चला गया था। गुरुवार को ही वह घर लौटा तो पता चला कि नाना की मौत हो चुकी है। आशंका जतायी जा रही है कि इससे हुई आत्मग्लानि के चलते उसने प्रेमिका के साथ जान देने का फैसला लिया। इस घटनाक्रम से किरन सन्नाटे में है। उसके दोनों बच्चों के सिर से पिता के साथ गार्जियन का साया भी उठ गया। इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा होती रही।