-स्वास्थ्य विभाग ने बनाया प्लान, 271 की लिस्ट तैयार

-सभी हाल ही में मुंबई से आए, कोरोना टेस्ट कराने की तैयारी

PRAYAGRAJ: मुंबई से लौटने वालों के साथ ही शहर में संक्रमण का खतरा बढ़ने लगा है। हालांकि इस समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्लान बनाने में जुट गया है। ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार की जा रही है। इसके लिए पब्लिक की मदद ली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी हालत में शहर में संक्रमण के प्रसार को रोका जाना है।

300 पहुंच रही है संख्या

जिले के तमाम गांव में आने वाले 40 हजार से अधिक प्रवासियों की डिटेल पोर्टल पर लोड की जा चुकी है। इनके बारे में गांव के प्रधान और बाकी लोग सीएचसी को सूचित कर रहे हैं। इन सभी को क्वारंटीन किया जा चुका है। लेकिन शहर में यह सिस्टम अपनाना आसान नहीं है। कई मोहल्लों में मुंबई से आकर लोग रह रहे हैं। हालांकि अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने अपने सर्विलांस सिस्टम से 271 लोगों की लिस्ट तैयार की है। नाम और पता नोट कर लिया है। इसमें से 20 फीसदी प्रवासियों की जानकारी खुद आसपास की जनता ने उपलब्ध कराई है। अभी इस संख्या में बढ़ोतरी जारी है।

सभी का कराया जाएगा टेस्ट

जिन लोगों की लिस्ट तैयार हो गई है उनको घर पर क्वारंटीन रहने को कहा गया है। उनकी कोविड जांच कराई जानी है। टेस्ट निगेटिव आने के बाद ही उनको घर से बाहर आने की अनुमति दी जाएगी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज का इलाज कराया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। सभी की जांच कराने की तैयारी चल रही है।

पब्लिक से हेल्प की अपील

शासन ने लोगों की सहूलियत को दिखाते हुए लॉकडाउन में छूट दी है। लेकिन बिना जांच या क्वारंटीन अगर प्रवासी मार्केट पहुंच गए तो संक्रमण फैलने का खतरा होगा। इस पर लगाम लगाने के लिए पब्लिक को हेल्प करनी होगी। अगर कोई मुंबई या गुजरात आदि दूसरे प्रदेशों से आता है तो इसकी जानकारी तत्काल कंटोल रूम में दी जाए।

किसी भी हालत में शहर में संक्रमण फैलने नहीं दिया जाएगा। रूरल एरिया में तो स्थिति संभाली जा रही है। लेकिन शहर में एक्सरसाइज जरूरी है। बाहर से आने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इनकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जनता से अपील की जा रही है।

-डॉ। ऋषि सहाय, नोडल कोविड 19